Kaushlendra Pandey /बेतिया, 04 मई 2026 | कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी/ सद्भाव यात्रा के दूसरे दिन पश्चिम चंपारण के बेतिया स्थित बापू सभागार में आयोजित कार्यक्रम में Nishant Kumar को सुनने के लिए कार्यकर्ताओं एवं आम लोगों का विशाल जनसमूह उमड़ पड़ा। सभागार के भीतर ही नहीं, बल्कि बाहर भी बड़ी संख्या में लोग उनकी एक झलक पाने के लिए घंटों इंतजार करते नजर आए।
कार्यक्रम में समाज के हर वर्ग की भागीदारी देखने को मिली। खासतौर पर महिलाओं की उल्लेखनीय उपस्थिति ने इस आयोजन को और भी प्रभावशाली बना दिया। बढ़ती भीड़ और लोगों के उत्साह को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय दिखा, जिससे कार्यक्रम की व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित की जा सके।
अपने संबोधन में निशांत कुमार ने उपस्थित जनसमूह का अभिवादन करते हुए पश्चिम चंपारण की जनता द्वारा मिले अपार समर्थन, प्रेम और आशीर्वाद के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता का यह स्नेह और विश्वास ही सद्भाव यात्रा की सबसे बड़ी ताकत है।
उन्होंने आगे कहा कि इसी जनसमर्थन और ऊर्जा के साथ सद्भाव, एकता और भाईचारे का संदेश पूरे बिहार में और अधिक मजबूती के साथ पहुंचाया जाएगा। बेतिया में उमड़ी भीड़ ने यह स्पष्ट संकेत दिया कि इस यात्रा को लेकर लोगों में व्यापक उत्साह और भरोसा है।





























