ग्रामीण विकास को नई रफ्तार देने का संकल्प, मंत्री सुनील कुमार ने संभाला “ग्रामीण कार्य विभाग” का कार्यभार
Kaushlendra Pandey / पटना, कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी। बिहार सरकार में मंत्री पद की जिम्मेदारी मिलने के बाद सुनील कुमार ने शुक्रवार को ग्रामीण कार्य विभाग का विधिवत कार्यभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण करते ही मंत्री सुनील कुमार एक्शन मोड में नजर आए और विभागीय अधिकारियों के साथ पहली समीक्षा बैठक कर राज्य में चल रही ग्रामीण सड़क, पुल एवं संपर्क मार्ग योजनाओं की विस्तृत जानकारी ली।
कार्यभार संभालने के बाद मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार को विकसित राज्य बनाने का लक्ष्य तय किया गया है और ग्रामीण क्षेत्रों को मजबूत सड़क नेटवर्क से जोड़ना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि गांवों तक बेहतर सड़क पहुंचने से शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार के अवसर तेजी से बढ़ते हैं, इसलिए विभाग की सभी योजनाओं को समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरा करना जरूरी है।
मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण जनता की समस्याओं का समाधान तेजी से होना चाहिए और सड़क निर्माण योजनाओं में पारदर्शिता बनाए रखना विभाग की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि बिहार के कई ऐसे गांव हैं जहां आज भी बेहतर सड़क संपर्क की आवश्यकता है। सरकार का प्रयास होगा कि हर पंचायत और हर गांव तक मजबूत एवं टिकाऊ सड़क नेटवर्क पहुंचे, ताकि आम लोगों को आवागमन में सुविधा मिल सके।
पदभार ग्रहण समारोह के दौरान विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, अभियंता और कर्मचारी मौजूद रहे। इस दौरान मंत्री सुनील कुमार ने विभागीय अधिकारियों से टीम भावना के साथ काम करने की अपील की और कहा कि जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना ही सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
हाल ही में हुए बिहार मंत्रिमंडल विस्तार के बाद सुनील कुमार को ग्रामीण कार्य विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राजनीतिक गलियारों में इसे सरकार की ग्रामीण विकास नीति को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
रिपोर्ट : कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी