Kaushlendra Pandey /कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी/ पटना। नेपाल की युवा सामाजिक कार्यकर्ता एवं जेनजी अभियन्ता जैस्मिन ओझा ने जन सुराज अभियान के सूत्रधार Prashant Kishor से पटना में शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच भारत-नेपाल के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सामाजिक संबंधों को और अधिक मजबूत बनाने, युवाओं की भूमिका तथा महिला सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान जैस्मिन ओझा ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध केवल दो देशों के बीच के रिश्ते नहीं हैं, बल्कि दोनों देशों की साझा संस्कृति, परंपरा, धार्मिक आस्था और सामाजिक जुड़ाव की एक मजबूत विरासत है। उन्होंने युवाओं और महिलाओं को सामाजिक परिवर्तन की मुख्य धुरी बताते हुए दोनों देशों के बीच शिक्षा, कौशल विकास और महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया।
प्रशांत किशोर ने भी भारत-नेपाल संबंधों को विशेष बताते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच जनस्तर पर संवाद और सहयोग को बढ़ाने से क्षेत्रीय विकास एवं सामाजिक समृद्धि को नई दिशा मिल सकती है। उन्होंने युवाओं की भागीदारी को लोकतंत्र और समाज के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
इस अवसर पर जैस्मिन ओझा ने प्रशांत किशोर को नेपाल की राजधानी Kathmandu आने का आमंत्रण भी दिया। उन्होंने कहा कि नेपाल के युवा, सामाजिक संगठनों और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधि प्रशांत किशोर के विचारों और अनुभवों से लाभान्वित होना चाहते हैं। प्रशांत किशोर ने इस आमंत्रण के लिए आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में नेपाल यात्रा की संभावनाओं पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी।
मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें दोनों पक्षों ने भारत-नेपाल मैत्री संबंधों को और अधिक मजबूत बनाने, सामाजिक सहयोग बढ़ाने तथा महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में साझा प्रयासों की आवश्यकता पर सहमति व्यक्त की।



























