Kaushlendra Pandey / प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची का भारत आगमन पर गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच X पर लिखा, “A very warm welcome to India, Prime Minister Sanae Takaichi! उन्होंने कहा कि भारत, जापान की प्रधानमंत्री की पहली आधिकारिक यात्रा की मेजबानी कर गौरवान्वित है और इस यात्रा से दोनों देशों की विशेष रणनीतिक एवं वैश्विक साझेदारी को नई गति मिलेगी।
जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर भारत पहुंची हैं। यह प्रधानमंत्री बनने के बाद उनकी पहली भारत यात्रा है। नई दिल्ली में राष्ट्रपति भवन में उनका औपचारिक स्वागत किया गया और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया।
इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सनाए तकाइची के बीच द्विपक्षीय वार्ता होगी, जिसमें रक्षा सहयोग, व्यापार एवं निवेश, सेमीकंडक्टर, महत्वपूर्ण खनिज (क्रिटिकल मिनरल्स), स्वच्छ ऊर्जा, हाई-स्पीड इंफ्रास्ट्रक्चर, आपूर्ति श्रृंखला (सप्लाई चेन) और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सहयोग जैसे अहम विषयों पर चर्चा होगी। दोनों देशों के बीच कई महत्वपूर्ण समझौतों पर भी हस्ताक्षर होने की संभावना है।
भारत और जापान के संबंध पिछले कुछ वर्षों में लगातार मजबूत हुए हैं। दोनों देश आर्थिक विकास, तकनीकी नवाचार, रक्षा सहयोग और क्षेत्रीय सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में एक-दूसरे के महत्वपूर्ण साझेदार बनकर उभरे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यह यात्रा भारत-जापान संबंधों को और नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी तथा इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।























