प्रियंका भारद्वाज /रक्सौल | कंट्री इनसाइड न्यूज़ एजेंसी/बिहार टीचर्स वेल्फेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में शनिवार को स्थानांतरित प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) सह बीडब्ल्यूओ ब्रजेश कुशवाहा के सम्मान में भव्य विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नवपदस्थापित प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी प्राण रंजन प्रसाद का भी गर्मजोशी से स्वागत किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों, प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाध्यापक एवं एसोसिएशन के संरक्षक छोटेलाल राय ने की, जबकि आयोजन केंद्रीय कमेटी के अध्यक्ष राजेश कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुआ। मंच संचालन प्रधानाध्यापक प्रवीण कुमार श्रीवास्तव ने किया।
समारोह के दौरान प्रधानाध्यापक मुनेश राम ने तथागत गौतम बुद्ध की प्रतिमा (मोमेंटो) भेंट कर बीईओ ब्रजेश कुशवाहा को सम्मानित किया। वहीं सेवानिवृत्त बीईओ सतीश कुमार श्रीवास्तव, नवपदस्थापित बीईओ प्राण रंजन प्रसाद तथा सेवानिवृत्त शिक्षक नंदलाल साथी को भी शॉल, पुष्पमाला एवं स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि ब्रजेश कुशवाहा ने अपने कार्यकाल के दौरान शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, विद्यालयों के नियमित निरीक्षण, शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार तथा शिक्षकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए। उनकी सरल, सहज एवं सहयोगात्मक कार्यशैली के कारण वे शिक्षक समुदाय के बीच हमेशा लोकप्रिय रहे।
विदाई समारोह में भावुक होते हुए बीईओ ब्रजेश कुशवाहा ने सभी शिक्षकों एवं प्रधानाध्यापकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रक्सौल प्रखंड में उन्हें सभी का भरपूर सहयोग और सम्मान मिला, जिसके कारण शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने का अवसर प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों से समाज के वंचित एवं अंतिम पायदान पर खड़े बच्चों की बड़ी उम्मीदें जुड़ी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद शिक्षक शिक्षा के माध्यम से इन बच्चों का भविष्य उज्ज्वल बनाने में निरंतर जुटे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शिक्षक समुदाय नए बीईओ के नेतृत्व में भी इसी समर्पण और सकारात्मक सोच के साथ शिक्षा व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।
नवपदस्थापित बीईओ प्राण रंजन प्रसाद ने अपने संबोधन में शिक्षकों के सहयोग से शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे सभी शिक्षकों एवं प्रधानाध्यापकों के साथ सकारात्मक, पारदर्शी एवं सहयोगात्मक वातावरण में कार्य करेंगे। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी से सामूहिक प्रयास की अपील की।
कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक मनोज कुमार, कमलेश कुमार, आशीष कुमार, बृज किशोर प्रसाद, जवाहर प्रसाद, बलराम प्रसाद, इंदु कुमारी, रोशनी कुमारी, रौनक, प्रियंका कुमारी, मनिंदर सिंह, राजू सिंह, विजय कुमार शाह, मनीष कुमार, निशांत कुमार सिंह, विनय कुमार सिंह, चंद्र प्रकाश, कुंदन कुमार, सुधीर कुमार सिंह, राकेश कुमार आर्य, शुभेंद्र कुमार, राधा कृष्ण प्रसाद यादव, अजीत कुमार श्रीवास्तव, प्रणव कुमार, रामनारायण प्रसाद, राज कुमार प्रसाद तथा श्री लाल प्रसाद सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षा कर्मी उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में सभी शिक्षकों ने शॉल, पुष्पमाला एवं उपहार भेंट कर ब्रजेश कुशवाहा को सम्मानपूर्वक भावभीनी विदाई दी तथा प्राण रंजन प्रसाद का अभिनंदन करते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। उपस्थित शिक्षकों ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में रक्सौल प्रखंड की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा और नई ऊर्जा मिलेगी।





























