मिड डे मील में छिपकली की पूंछ मिलने पर शिक्षा मंत्री सख्त, हेडमास्टर निलंबित; दो चयनमुक्त
पटना | कंट्री इनसाइड न्यूज़ एजेंसी/ मधेपुरा जिले के गम्हरिया स्थित एक विद्यालय में मध्याह्न भोजन (मिड डे मील) में छिपकली की पूंछ मिलने और कुछ बच्चों के बीमार होने की घटना पर बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कड़ा रुख अपनाया है। घटना की जानकारी मिलते ही शिक्षा मंत्री ने रविवार को मधेपुरा के जिलाधिकारी से बात कर पूरे मामले की तत्काल जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
शिक्षा मंत्री के निर्देश के बाद जिला प्रशासन ने देर शाम विद्यालय के प्रधानाध्यापक (हेडमास्टर) को निलंबित कर दिया। वहीं प्रखंड साधनसेवी और रसोइया को चयनमुक्त कर दिया गया है। इसके अलावा मिड डे मील के डीपीओ के खिलाफ भी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
श्री तिवारी ने कहा कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ), मिड डे मील के डीपीओ, विद्यालय के प्रधानाध्यापक, रसोइया और प्रखंड साधनसेवी सहित सभी जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मियों की भूमिका की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
शिक्षा मंत्री ने मध्याह्न भोजन योजना के निदेशक से भी स्पष्टीकरण तलब किया है। साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि राज्य के सभी विद्यालयों में बच्चों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षा सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बच्चों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शिक्षा मंत्री ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में यदि किसी भी विद्यालय में इस तरह की घटना दोबारा सामने आती है, तो दोषी व्यक्तियों के खिलाफ बिना किसी रियायत के कड़ी कार्रवाई की जाएगी।