प्रधानमंत्री आवास योजना से गरीबों के पक्के घर का सपना हो रहा साकार : संजय सरावगी
विकास सिंह /पटना। बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास” के संकल्प के साथ बिहार में गरीब परिवारों के पक्के घर का सपना लगातार साकार हो रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत बिहार में बड़ी संख्या में जरूरतमंद परिवारों को पक्का मकान मिलना गरीब कल्याण के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि पटना में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में पूर्ण हुए 2 लाख 35 हजार आवासों के गृह प्रवेश कार्यक्रम का आयोजन बिहार के लिए ऐतिहासिक और अविस्मरणीय अवसर है। इस कार्यक्रम में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लाभुकों को आवास की चाबी तथा नए चयनित लाभुकों को स्वीकृति पत्र वितरित किए।
संजय सरावगी ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में बिहार के लिए 11 लाख 18 हजार 937 पक्के मकानों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए केंद्र सरकार द्वारा 13,427 करोड़ रुपये की सहायता दी जाएगी। इससे बिहार के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लाखों गरीब परिवारों को अपने पक्के घर का सपना पूरा करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीबों के जीवन में व्यापक बदलाव लाने का काम किया है। प्रधानमंत्री आवास योजना केवल मकान देने की योजना नहीं, बल्कि गरीब परिवारों को सम्मान, सुरक्षा और बेहतर जीवन देने का माध्यम है। आवास के साथ शौचालय, बिजली, पानी और रसोई गैस जैसी सुविधाओं से जोड़कर गरीब परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाया जा रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बिहार के विकास के लिए केंद्र सरकार लगातार हरसंभव सहयोग दे रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के लिए इतनी बड़ी राशि की स्वीकृति इसका उदाहरण है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण सहयोग के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हृदय से आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि केंद्र और बिहार सरकार के समन्वित प्रयास से गांवों का विकास तेज हो रहा है और गरीब परिवारों के जीवन में स्थायी बदलाव आ रहा है। भाजपा सरकार का संकल्प है कि कोई भी गरीब परिवार पक्के घर से वंचित न रहे। आने वाले समय में भी गरीब कल्याण और विकास की योजनाओं को गति देकर बिहार को विकसित राज्य बनाने की दिशा में लगातार काम किया जाएगा।