संबलपुर में भारत के 51वें डॉप्लर मौसम रडार का उद्घाटन, ‘मिशन मौसम’ से मजबूत हो रही मौसम संबंधी तैयारियां
सौरभ निगम /केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने ओडिशा के संबलपुर में भारत के 51वें डॉप्लर मौसम रडार का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ‘मिशन मौसम’ के माध्यम से देश की मौसम संबंधी पूर्व चेतावनी और आपदा प्रबंधन क्षमता को लगातार मजबूत किया जा रहा है।
डॉ. जितेंद्र सिंह ने बताया कि भारत में डॉप्लर मौसम रडार का नेटवर्क वर्ष 2014 में जहां केवल 14 रडार का था, वहीं अब बढ़कर 51 हो गया है। ‘मिशन मौसम’ के तहत आने वाले समय में लगभग 40 और डॉप्लर मौसम रडार स्थापित करने की योजना है।
नए रडार से ओडिशा और आसपास के क्षेत्रों में मौसम की निगरानी तथा पूर्वानुमान क्षमता को और मजबूती मिलने की उम्मीद है। विशेष रूप से चक्रवात, भारी वर्षा और अन्य गंभीर मौसम घटनाओं की समय रहते निगरानी एवं चेतावनी जारी करने में इससे मदद मिलेगी।
केंद्र सरकार के पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के ‘मिशन मौसम’ का उद्देश्य देश में मौसम एवं जलवायु संबंधी सेवाओं को अधिक सटीक और प्रभावी बनाना तथा मौसम की चरम घटनाओं से निपटने की तैयारियों को मजबूत करना है।