रामेश्वर महाविद्यालय में मनाया गया राष्ट्रीय सेवा योजना का स्थापना दिवस, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
मुजफ्फरपुर । रामेश्वर महाविद्यालय के किशोरी सिन्हा सभागार में राष्ट्रीय सेवा योजना का स्थापना दिवस बेहद हर्षोल्लास से मनाया गया । इस अवसर पर विभिन्न प्रकार के वैचारिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र – छात्राओं और स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीआरए बिहार विश्वविद्यालय, मुजफ्फरपुर के दर्शनशास्त्र विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. हरिनारायण पाण्डेय थे । अपने संबोधन में उन्होंने राष्ट्रीय सेवा योजना के महत्व पर प्रकाश डाला और विद्यार्थियों को समाज सेवा के प्रति प्रेरित किया ।
कार्यक्रम का विषय प्रवेश कराते हुए दर्शनशास्त्र विभाग के अध्यक्ष प्रो. रजनी रंजन ने राष्ट्रीय सेवा योजना के इतिहास, इसके उद्देश्यों और वर्तमान समय में इसकी प्रासंगिकता के बारे में विस्तार से चर्चा की ।
स्थापना दिवस के इस विशेष अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा कई बेहतरीन और संदेशपरक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं । इन प्रस्तुतियों में बिहार के लोकपर्व ‘छठ’, नशा मुक्ति अभियान और समाज में व्याप्त विभिन्न सामाजिक समस्याओं को केंद्र में रखा गया । गीतों के माध्यम से विद्यार्थियों ने नशा मुक्ति और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक रहने का एक सशक्त संदेश दिया, जिसे उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. श्यामल किशोर ने की । उन्होंने अपने अध्यक्षीय संबोधन में छात्र-छात्राओं के प्रयासों की सराहना की और कहा कि समाज की सेवा ही वास्तविक शिक्षा है । उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस के इस विशेष अवसर पर छात्र – छात्राओं द्वारा बेहतरीन और संदेशपरक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं । इन प्रस्तुतियों में बिहार के लोकपर्व ‘छठ’, नशा मुक्ति अभियान और समाज में व्याप्त विभिन्न सामाजिक समस्याओं को केंद्र में रखा गया । गीतों के माध्यम से विद्यार्थियों ने नशा मुक्ति और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक रहने का एक सशक्त संदेश दिया । प्राचार्य ने छात्र – छात्राओं की प्रस्तुतियों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की ।
कार्यक्रम का सफल संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. शारदा नंद सहनी ने किया । उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय सेवा योजना भारत सरकार का एक युवा कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य छात्र-छात्राओं में सभ्य नागरिकता और समाज सेवा की भावना विकसित करना है । कार्यक्रम को मनोविज्ञान विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ.सुमित्रा कुमारी ने भी संबोधित किया ।
कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया । बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के विज्ञान संकाय की संकायाध्यक्ष प्रो. रंजना कुमारी, राजकीय डिग्री महाविद्यालय तेतरिया के प्राचार्य प्रो. सुरेन्द्र राय, एलएन मिश्रा कॉलेज ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट, मुजफ्फरपुर के कंप्यूटर विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. एल. बी. लाल तथा रामेश्वर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. श्यामल किशोर ने संयुक्त रूप से सभी विजेता और प्रतिभागी विद्यार्थियों को पारितोषिक वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा हिंदी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. संदीप कुमार सिंह ने सभी आगत अतिथियों, प्राध्यापकों और छात्र-छात्राओं के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया । इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं भारी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
डॉ. संदीप कुमार सिंह मीडिया प्रभारी – रामेश्वर महाविद्यालय, मुजफ्फरपुर ।