जोधपुर में शुरू होगा ‘तरंग शक्ति 2026’ का ऑपरेशनल चरण, 7 देशों की वायु सेनाएं होंगी शामिल
सौरभ निगम /नई दिल्ली। भारतीय वायु सेना (IAF) बहुपक्षीय हवाई अभ्यास ‘तरंग शक्ति 2026’ के ऑपरेशनल चरण की शुरुआत एयर फोर्स स्टेशन जोधपुर से करने जा रही है। यह अभ्यास 26 सितंबर से 12 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है।
इस वर्ष अभ्यास की थीम “Power in Partnership” रखी गई है, जो साझेदार देशों की वायु सेनाओं के बीच सहयोग, विशेषज्ञता साझा करने और आपसी ऑपरेशनल तालमेल यानी इंटरऑपरेबिलिटी को मजबूत करने पर केंद्रित है।
अभ्यास में सात मित्र विदेशी देशों की वायु सेनाएं हिस्सा ले रही हैं। इनमें ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका, संयुक्त अरब अमीरात (UAE), फ्रांस, जर्मनी, श्रीलंका और बांग्लादेश शामिल हैं।
‘तरंग शक्ति 2026’ का उद्देश्य भाग लेने वाली वायु सेनाओं को उन्नत संयुक्त प्रशिक्षण का अवसर प्रदान करना, ऑपरेशनल अनुभव और विशेषज्ञता साझा करना तथा पेशेवर अनुभव को और मजबूत करना है।
भारतीय वायु सेना के अनुसार, यह अभ्यास 2024 में आयोजित पहले संस्करण की सफलता के बाद आयोजित किया जा रहा है। बहुपक्षीय अभ्यास के माध्यम से विभिन्न देशों की वायु सेनाओं के बीच संयुक्त अभियानों की समझ, प्रशिक्षण और आपसी समन्वय को बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
जोधपुर में होने वाले ऑपरेशनल चरण के दौरान भाग लेने वाली वायु सेनाएं संयुक्त प्रशिक्षण और विभिन्न ऑपरेशनल गतिविधियों के जरिए एक-दूसरे की क्षमताओं और कार्यप्रणाली को समझने का अवसर प्राप्त करेंगी।
कंट्री इनसाइड समाचार एजेंसी