Kaushlendra Pandey /बापू टावर के द्वितीय स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री सम्राट ने किया आवक्ष प्रतिमा का अनावरण, ‘सत्याग्रह’ पत्रिका का विमोचन
पटना। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की 157वीं जयंती एवं बापू टावर के द्वितीय स्थापना दिवस समारोह का शुभारंभ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बापू की आवक्ष प्रतिमा का अनावरण किया तथा बापू टावर की ऑनलाइन टिकटिंग प्रणाली का शुभारंभ किया। साथ ही ‘सत्याग्रह’ पत्रिका का विमोचन भी किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने महात्मा गांधी के विचारों और उनके जीवन दर्शन को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि सत्य, अहिंसा और प्रेम का संदेश आज भी पूरी मानवता के लिए प्रासंगिक है। बापू ने सत्य और अहिंसा के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र को नई दिशा देने का कार्य किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी केवल भारत के स्वतंत्रता आंदोलन के महानायक ही नहीं, बल्कि उनके विचार पूरी दुनिया के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सद्भाव और मानवता के संदेश को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
बापू टावर को महात्मा गांधी के जीवन, संघर्ष और विचारों से नई पीढ़ी को परिचित कराने वाला महत्वपूर्ण केंद्र बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां आने वाले लोगों को बापू के जीवन और उनके सिद्धांतों को समझने का अवसर मिलेगा। ऑनलाइन टिकटिंग प्रणाली के शुभारंभ से बापू टावर में आने वाले लोगों को टिकट प्राप्त करने में सुविधा होगी।
इस अवसर पर ‘सत्याग्रह’ पत्रिका के विमोचन को भी महात्मा गांधी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया। समारोह में मौजूद लोगों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धापूर्वक नमन किया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
पटना से कंट्री इनसाइड समाचार एजेंसी की रिपोर्ट।