सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. राहुल राज ने दाखिल किया नामांकन, पांच जिलों से हजारों की संख्या में जुटे शिक्षाविद्, शिक्षक एवं समर्थकों ने दिखाई ताकत
मृणाभ सिंह की रिपोर्ट /छपरा। सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी डॉ. राहुल राज ने सोमवार को अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन से पूर्व छपरा में आयोजित भव्य सभा में पांचों जिले से हजारों हजार की संख्या में शिक्षाविद्, शिक्षक एवं उनके समर्थक जुटे। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसके बाद गाजे-बाजे के साथ राहुल राज अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करने के लिए निकले।
नामांकन सभा को संबोधित करते हुए राहुल राज ने कहा कि वह शिक्षकों की आवाज बनने के लिए बिहार विधान परिषद में जाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक वर्षों से अपनी विभिन्न मांगों और समस्याओं को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। सदन में पहुंचने के बाद वे शिक्षकों की लंबित एवं न्यायसंगत मांगों को मजबूती के साथ सरकार के समक्ष रखेंगे और उनके अधिकारों के लिए आवाज उठाएंगे।
राहुल राज ने कहा कि लगभग 20 वर्षों से शिक्षक कई समस्याओं और मांगों के समाधान की प्रतीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने शिक्षकों के लिए सातवें वेतन आयोग का लाभ दिलाने, होल्ड पेंशन स्कीम लागू कराने तथा कॉलेज, मदरसा एवं संस्कृत शिक्षकों सहित सभी वर्गों के शिक्षकों की समस्याओं को सदन में उठाने की बात कही।
उन्होंने वित्त रहित शिक्षकों की स्थिति पर भी चिंता जताई। राहुल राज ने कहा कि वित्त रहित शिक्षकों के परिवारों की आर्थिक स्थिति बेहद चुनौतीपूर्ण है। उनके वेतनमान और अन्य अधिकारों के लिए संघर्ष किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक शिक्षकों को उनका न्यायसंगत वेतनमान नहीं मिल जाता, तब तक उनके साथ खड़े रहकर संघर्ष जारी रखा जाएगा।
अपने संबोधन में राहुल राज ने चुनावी मैदान में मौजूद अन्य प्रत्याशियों पर भी राजनीतिक कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल किसी सिंबल या दल की बात नहीं, बल्कि वरीयता और शिक्षक हितों की बात है। उन्होंने कहा कि जहां कुछ लोग दल के पीछे चल रहे हैं, वहीं उनके साथ शिक्षक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं।
राहुल राज ने शिक्षकों से अपील करते हुए कहा कि वे ऐसे व्यक्ति को सदन में भेजें जो उनकी समस्याओं की मजबूती से वकालत कर सके और उनकी आवाज को विधान परिषद तक पहुंचा सके। उन्होंने पांचों जिलों से मिल रहे समर्थन का हवाला देते हुए अपनी जीत के प्रति विश्वास जताया और कहा कि वे अपनी जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं।
नामांकन कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से पहुंचे शिक्षाविदों, शिक्षक नेताओं और समर्थकों ने राहुल राज के पक्ष में मतदान की अपील की। सभा में सारण प्रमंडल अध्यक्ष शंकर प्रसाद यादव, तिरहुत प्रमंडल अध्यक्ष श्यामा राव, प्रमंडलीय कोषाध्यक्ष रजनीकांत सिंह, प्रमंडलीय सचिव संतोष सिंह, प्रमंडलीय संरक्षक कैलाश राय, नवलकिशोर सिंह, नजीबुल्लाह खान, विजय गुप्ता, रामेश्वर सिंह, रामजीवन सिंह उर्फ कवि जी, प्रकाश सिंह, नवनीत मिश्रा, अमित शर्मा, खुशनैन अंसारी, शंभू शर्मा, पुनीत रंजन, जूली राबिना, अभय सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं समर्थक मौजूद रहे।
नामांकन के दौरान समर्थकों की भारी मौजूदगी से राहुल राज के चुनावी अभियान में शक्ति प्रदर्शन का माहौल देखने को मिला। सभा में जुटे समर्थकों ने शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और शिक्षकों की आवाज को सदन तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया।।