शिक्षा मंत्री की पहल के बाद सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को पत्र जारी
Kaushlendra Pandey / पटना। शिक्षा मंत्री श्री मिथिलेश तिवारी की पहल के बाद राज्य के सरकारी विद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में एआई के उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा। इस संबंध में शुक्रवार को अपर मुख्य सचिव श्री सीके अनिल के निर्देश पर सभी डीईओ को पत्र जारी किया गया। इसमें विद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में कार्यरत पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को एआई के उपयोग के लिए प्रोत्साहित करने का निर्देश दिया गया है।
पत्र में कहा गया है कि आज पूरी दुनिया में शिक्षा के क्षेत्र में एआई का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। इससे समय की बचत होती है और कामकाज आसान बनता है। साथ ही, तकनीकी प्रगति और कार्यक्षमता को भी बढ़ावा मिलता है।
जिला स्तर पर विभागीय योजनाओं और कार्यक्रमों की निगरानी एवं समीक्षा में भी एआई उपयोगी साबित हो सकता है। इसके लिए चैटजीपीटी और क्लाउड जैसे एप्लिकेशन का इस्तेमाल किया जा सकता है।
शिक्षा मंत्री श्री तिवारी मानते हैं कि एआई के इस्तेमाल से शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्यों को अधिक सरल, सुगम और प्रभावी बनाया जा सकेगा। इसी उद्देश्य से सभी जिलों को इसके उपयोग के प्रति जागरूकता बढ़ाने और पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने को कहा गया है।