शिक्षा मंत्री श्री मिथिलेश तिवारी ने ‘भारत पूछ रहा है’ पुस्तक का किया विमोचन
Kaushlendra Pandey पटना। शिक्षा मंत्री श्री मिथिलेश तिवारी ने आज शिक्षा विभाग स्थित मदन मोहन झा सभागार में आयोजित एक गरिमामय समारोह में साहित्यकार एवं शिक्षक श्री रंजन कुमार प्रसाद द्वारा लिखित पुस्तक ‘भारत पूछ रहा है’ का विधिवत विमोचन किया।
इस अवसर पर क्रीड़ा भारती के प्रदेश अध्यक्ष श्री राजेश्वर राज, शिक्षक श्री संतोष कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
पुस्तक ‘भारत पूछ रहा है’ के माध्यम से लेखक ने नागरिकों को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों, जिम्मेदारियों एवं दायित्वों के प्रति आत्ममंथन करने का संदेश दिया है। पुस्तक में विभिन्न सामाजिक, राष्ट्रीय एवं समसामयिक विषयों के माध्यम से यह विचार प्रस्तुत किया गया है कि प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का भी सजगता एवं निष्ठा से निर्वहन करना चाहिए।
पुस्तक का मूल भाव राष्ट्रप्रेम, सामाजिक चेतना, नागरिक जिम्मेदारी और आत्मचिंतन पर केंद्रित है। यह कृति पाठकों को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को समझने तथा समाज एवं देश के विकास में सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित करती है।
इस अवसर पर मा श्री तिवारी ने पुस्तक के विमोचन के दौरान इसकी विषयवस्तु एवं सामाजिक प्रासंगिकता की सराहना की। वहीं, लेखक श्री रंजन कुमार प्रसाद ने कहा कि पुस्तक का उद्देश्य प्रत्येक भारतीय के मन में राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का भाव जागृत करना और नागरिकों को आत्मचिंतन के लिए प्रेरित करना है।
पुस्तक का संदेश है कि राष्ट्र से केवल यह सवाल न करें कि उसने हमें क्या दिया, बल्कि स्वयं से भी पूछें कि हमने राष्ट्र के लिए क्या किया है।