छठ महापर्व की स्मृतियां और छात्र जीवन का वह सुनहरा दौर जब हम बनते थे व्रतियों के सेवादार
रांची ब्यूरो / छठ केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हमारी आस्था, संस्कृति और भावनाओं का सबसे गहरा जुड़ाव है । जब भी इस महापर्व का समय आता है, बरबस ही मुझे अपने छात्र जीवन के वे सुनहरे दिन याद आ जाते हैं जब इस पर्व को लेकर हमारी पूरी टोली का उत्साह सातवें आसमान पर हुआ करता था । पढ़ाई की फिक्र से इतर, उन दिनों हमारा सबसे बड़ा लक्ष्य सिर्फ और सिर्फ छठ की तैयारियां हुआ करती थी ।
उस समय हमारा मुख्य लक्ष्य बस एक ही होता था, छठ व्रतियों (परबतिनों) को उनके घर से लेकर घाट तक जाने में कोई भी तकलीफ न हो । हम सभी दोस्त मिलकर कई दिन पहले से ही रोड की साफ-सफाई के अभियान में जुट जाते थे । सड़क पर झाड़ू लगाने से लेकर उसे पानी से धोने एवं सड़क पर अभरक छिड़कने तक, हर काम हम खुद करते थे । रास्ते में एक भी कंकड़ या कांटा न रहे, इसका हम बारीकी से ध्यान रखते थे ताकि नंगे पांव घाट तक जाने वाली व्रतियों को जरा सा भी कष्ट न हो ।
सफाई के बाद रास्ते को सजाने की बारी आती थी । हम चंदा इकट्ठा करके पूरे रास्ते के दोनों साइड में रंग-बिरंगी झालरें लगाया करते थे, जिससे शाम के पहले अर्घ्य और तड़के सुबह (भिनसरवा) के समय पूरा रास्ता रोशनी से जगमगा उठे । इसके साथ ही हम सब मिलकर रोड पर जगह-जगह अनेकों प्रकार की खूबसूरत रंगोलियां बनाते थे । वो रंगोलियां केवल सजावट नहीं, बल्कि छठी मइया और व्रतियों के स्वागत के लिए हमारी श्रद्धा का प्रतीक हुआ करती थीं ।
घाट पर पहुंचकर भी हमारी जिम्मेदारियां और सेवाभाव कम नहीं होती थी । हम घाट पर जाकर व्रतियों की मदद में लग जाते थे । भीड़-भाड़ में उन्हें किसी चीज की कमी न हो, इसके लिए हम समय पर उन्हें सूप, नारियल, दूध और छठ की अन्य आवश्यक पूजन सामग्रियां पूरे आदर के साथ हाथों-हाथ उपलब्ध कराते थे । कई बार तो हम उनके दउरा (दउरी) को अपने सिर पर उठाकर घाट तक पहुंचाने का सौभाग्य भी प्राप्त करते थे ।
आज जब भी कानों में शारदा सिन्हा जी के छठ गीत पड़ते हैं, तो छात्र जीवन की वह निस्वार्थ सेवा, दोस्तों की वह टोली और घाट की वह छटा आँखों के सामने जीवंत हो उठती है । सच में, बिना किसी स्वार्थ के रोड बहारने से लेकर घाट पर सूप सौपने तक का वह सफर, जिंदगी की सबसे खूबसूरत और सुकून देने वाली यादों में से एक है ।
आज के इस दौर में जब भी वो दिन याद आता है कि कैसे हम उन दिनों निस्वार्थ भाव से ये सारे कार्य किया करते थे, तो मेरे रोंगटे खड़े हो जाते हैं और बरबस ही आंखों में नमी आ जाती है । पूरे चार दिनों तक चलने वाले इस आस्था के महापर्व की तैयारियां हम हफ्तों पहले से ही शुरू कर देते थे । लेकिन इन चार दिनों के उल्लास और छठ संपन्न होने के ठीक पश्चात, उन्हीं सजे-धजे रास्तों और घाटों पर जो अचानक से एक गहरा सन्नाटा पसर जाता था, उसका अनुभव भी एक अलग ही प्रकार का होता था; वह खामोशी दिल के किसी कोने में एक अजीब सी रिक्तता और अगले साल के इंतज़ार की हूक छोड़ जाती थी ।
“छठ केवल पर्व नहीं, बरबस याद आती छात्र जीवन की वो रीत है,
राहें बहारने से लेकर, कानों में गूंजते शारदा सिन्हा जी के गीत हैं ।
रंगोली से सजे रास्तों पर, सिर पर दउरा उठाने का वो पावन सफर,
निस्वार्थ सेवा और सुकून की वो यादें, दिल में बसी हैं आज भी इस कदर ।“
सुनील कुमार
पुलिस उप महानिरीक्षक,
सी.आर.पी.एफ., रॉंची
(मुसल्लहपुर हाट, पटना निवासी)।