स्माइली संघ द्वारा छठ पूजा सामग्री का वितरण एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन
आशीष की रिपोर्ट,पटना : लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर स्माइली संघ की ओर से गर्दनीबाग रोड नंबर – 15, बापू टावर के पास छठ व्रतियों के बीच पूजा सामग्री का वितरण एवं साफ-सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान क्षेत्र में स्वच्छता, श्रद्धालुओं की सुविधा और छठ घाटों की बेहतर व्यवस्था को लेकर विशेष पहल की गई।
कार्यक्रम के दौरान दीघा विधायक संजीव चौरसिया एवं पूर्व मेयर प्रत्याशी बिट्टू सिंह ने भी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर आयोजन का जायजा लिया और संघ के नेतृत्वकर्ता हिमांशु राज एवं अन्य सदस्यों के प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर स्माइली संघ के अध्यक्ष हिमांशु राज ने कहा कि छठ महापर्व बिहार की सांस्कृतिक पहचान और करोड़ों लोगों की अटूट आस्था का प्रतीक है। इस महापर्व में स्वच्छता और सेवा का विशेष महत्व है। इसी उद्देश्य से विगत 50 वर्षों से संघ की ओर से छठ व्रतियों के बीच पूजा सामग्री का वितरण किया जा रहा है। साथ ही साफ-सफाई एवं रोशनी की व्यवस्था को लेकर भी पहल की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
हिमांशु ने कहा कि स्माइली संघ का उद्देश्य केवल पूजा सामग्री वितरित करना नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए जरूरतमंद परिवारों की मदद करना और स्वच्छ एवं व्यवस्थित छठ पूजा सुनिश्चित करने में अपना योगदान देना है। कार्यक्रम में संघ के सदस्य एवं स्थानीय लोग सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।