महान स्वतंत्रता सेनानी, आदर्श राजनेता और मूर्द्धन्य साहित्यकार थे पं बुद्धिनाथ झा कैरव/ जयंती पर साहित्य सम्मेलन में आयोजित हुआ कवि सम्मेलन, पत्रिका प्रबुद्ध वाणी का हुआ लोकार्पण
पटना, १८ नवम्बर। १९४२ क्रांति के अग्र-पांक्तेय नायकों में एक, पं बुद्धिनाथ झा ‘कैरव’ एक महान स्वतंत्रता सेनानी, आदर्श राजनेता और मूर्द्धन्य साहित्यकार थे। स्वतंत्रता पूर्व १९३७ में बिहार विधान सभा के लिए हुए निर्वाचन में गोड्डा से विधायक चुने गए कैरव जी १९४२ के आंदोलन में अंग्रेज़ी सरकार द्वारा गिरफ़्तार कर लिए गए थे। उन्हें भागलपुर सेंट्रल जेल में बंद रखा गया था। स्वतंत्रता के पश्चात वे १९५७ तक विधान सभा के सदस्य रहे, किंतु पटना या देवघर में, जिसे उन्होंने अपना कर्मक्षेत्र बनाया एक घर तक नहीं बना सके। राजनीति उनके लिए सत्ता-सुख की नहीं, सेवा और आत्म-सुख की साधन रही।

यह बातें बुधवार को बिहार हिन्दी साहित्य सम्मेलन में आयोजित जयंती समारोह एवं कवि सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए सम्मेलन अध्यक्ष डा अनिल सुलभ ने कही। डा सुलभ ने कहा कि, कैरव जी की प्रतिभा बहुमुखी थी। उनकी समाज-सेवा, राष्ट्र-सेवा, साहित्य-सेवा और राजनीति मानवतावादी और संवेदना प्रधान रही। साहित्य सम्मेलन के प्रचारमंत्री के रूप में उन्होंने तत्कालीन बिहार के सभी ज़िलों में ज़िला हिन्दी साहित्य सम्मेलनों को सक्रिए और सार्थक बनाने में महत्त्वपूर्ण योगदान दिया। वे सम्मेलन के एकादशवें अधिवेशन के अवसर पर संताल परगना में हिन्दी-प्रचार्राथ गठित उपसमिति के संयोजक बनाए गए थे। आदिम जातियों के बीच हिन्दी के प्रचार में उनके योगदान को सदा स्मरण किया जाएगा। वे देवघर-विद्यापीठ के संस्थापक निबंधक तथा महेश नारायण साहित्य शोध संस्थान, दुमका के अध्यक्ष थे। उनकी प्रमुख कृतियों में ‘आगे बढ़ो’, ‘पश्चाताप’, ‘खादी लहरी’, ‘लवण लीला’, ‘अछूत’, ‘उत्सर्ग’, ‘क़ैदी’, ‘हीरा’, ‘आरती’, काव्य-संकलन ‘अंतर जलन’ तथा आलोचना-ग्रंथ ‘साहित्य-साधना की पृष्ठभूमि’ सम्मिलित है।
समारोह का उद्घाटन करते हुए, बिहार के पूर्व पुलिस महानिदेशक डी एन गौतम ने कहा कि हम अपने बड़े साहित्यकारों को इसलिए स्मरण करते हैं कि उन्होंने संसार को अपने साहित्य से लाभान्वित किया। संसार को देने वाले स्मरण रखे जाते हैं। कोई एक बड़ा काम भी व्यक्ति को महान और स्मरणीय बना देता है। इस एक दोहा के लिए कवि मलुक दास इतिहास-पुरुष हो गए कि “अजगर करै न चाकरी, पंछी करे ना काम/ दास मलुका कह गए सबके दाता राम’। हमें भी कुछ ऐसा करना चाहिए कि दुनिया हमें याद रखे। श्री गौतम ने इस अवसर पर, प्रबुद्ध हिन्दू समाज द्वारा प्रकाशित पत्रिका ‘प्रबुद्ध वाणी’ का भी लोकार्पण किया।
पत्रिका के संपादक प्रो जनार्दन सिंह ने कहा कि पत्रिका ‘प्रबुद्धवाणी’ सुबुद्ध जनों के विचार ही नहीं, समाज को जागृत करने का निरंतर चलने वाला यज्ञ है। भारतीय प्रशासनिक सेवा के अवकाश प्राप्त अधिकारी बच्चा ठाकुर, पत्रिका के संपादन-सहयोगी रंजन कुमार मिश्र, डा मनोज गोवर्द्धनपुरी, ईं महेन्द्र शर्मा, डा पुष्पा जमुआर तथा डा रत्नेश्वर सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर आयोजित कविसम्मेलन का आरंभ कवि सुनील कुमार ‘मलंग’ जी की वाणी-वंदना से हुआ। वरिष्ठ कवि श्याम बिहारी प्रभाकर, सुनील कुमार उपाध्याय, कुमार अनुपम, पं गणेश झा, डा शालिनी पाण्डेय, सुनील कुमार दूबे, सदानन्द प्रसाद, ईं अशोक कुमार, प्रेम लता सिंह, चित्तरंजन लाल भारती, मृत्युंजय गोविंद, सूर्य प्रकाश उपाध्याय, इन्दुभूषण सहाय, रजनीश कुमार गौरव, अर्जुन प्रसाद सिंह आदि कवियों और कवयित्रियों ने अपने काव्यपाठ से काव्यांजलि अर्पित की। मंच का संचालन ब्रह्मानन्द पाण्डेय ने तथा धन्यवाद-ज्ञापन कृष्ण रंजन सिंह ने किया।