पटना में ‘इंद्रधनुष 2026’ का भव्य समापन, सात राज्यों के 400 लोक कलाकारों ने बिखेरी भारतीय संस्कृति की छटा
पटना। राजधानी पटना के प्रेमचंद रंगशाला, राजेंद्र नगर में आयोजित दो दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव ‘इंद्रधनुष 2026’ का शनिवार, 21 नवंबर को भव्य समापन हुआ। पूर्व क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (EZCC), कोलकाता, उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (NCZCC), प्रयागराज तथा बिहार सरकार के कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में देश के सात राज्यों के लगभग 400 लोक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से भारतीय संस्कृति की विविधता और समृद्ध परंपरा का परिचय दिया।
20 और 21 नवंबर को प्रतिदिन शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक चले इस महोत्सव में बिहार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, ओडिशा, त्रिपुरा और महाराष्ट्र के लोकगीत एवं लोकनृत्य आकर्षण का केंद्र रहे। इसके साथ ही हस्तशिल्प मेला, खान-पान मेला, पारंपरिक पहनावा प्रदर्शन, चित्रकला कार्यशाला और रंगोली प्रदर्शन का भी आयोजन किया गया।
पूरे आयोजन का सफल संचालन पूर्व क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, कोलकाता के सहायक अभियंता राजश्री चंद्रा और उपनिदेशक तापस सामंत राय के मार्गदर्शन में हुआ।
कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार एवं मीडिया प्रभारी मनीष महिवाल ने उपस्थित दर्शकों और मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समापन अवसर पर राजश्री चंद्रा और तापस सामंत राय ने सभी कलाकारों, अतिथियों एवं दर्शकों को धन्यवाद देते हुए पटना में ‘इंद्रधनुष 2026’ के सफल समापन की घोषणा की।
महोत्सव ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि भारत की असली पहचान उसकी विविध भाषाओं, लोककलाओं, परंपराओं और सांस्कृतिक एकता में निहित है।
कंट्री इनसाइड समाचार एजेंसी, पटना।