मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सभी 8 नवनिर्वाचित विधान परिषद सदस्यों को दी बधाई, बोले– आइए मिलकर करें समृद्ध बिहार का निर्माण
Kaushlendra Pandey पटना। बिहार विधान परिषद के नवनिर्वाचित आठ सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह के अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सभी सदस्यों को हार्दिक बधाई एवं सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपने संदेश में लिखा, “नवनिर्वाचित माननीय विधान परिषद् सदस्यगण को शपथ ग्रहण समारोह की हार्दिक बधाई एवं सफल कार्यकाल की शुभकामनाएँ। आइए, मिलकर समृद्ध बिहार का निर्माण करें!”
इन आठ नवनिर्वाचित विधान पार्षदों ने ली शपथ
बिहार विधान परिषद के चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से निर्वाचित सदस्यों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से:
- नीरज कुमार – पटना स्नातक (जदयू)
- अनिल कुमार झा – दरभंगा स्नातक (राजद)
- बंशीधर ब्रजवासी – तिरहुत स्नातक (निर्दलीय)
- डॉ. एनके यादव – कोसी स्नातक (भाजपा)
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से:
- डॉ. संजीव कुमार – पटना शिक्षक (राजद)
- सुरेश प्रसाद राय – दरभंगा शिक्षक (जन सुराज पार्टी)
- नरेंद्र प्रसाद सिंह – तिरहुत शिक्षक (भाजपा)
- डॉ. राहुल राज – सारण शिक्षक (निर्दलीय)
पटना स्थित बिहार विधान परिषद के उपभवन सभागार में आयोजित समारोह में कार्यकारी सभापति प्रो. (डॉ.) रामवचन राय ने सभी आठ सदस्यों को शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी एवं बिजेंद्र प्रसाद यादव सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।
विधान परिषद में बदलेगा राजनीतिक समीकरण
इन आठ सीटों के चुनाव परिणाम में भाजपा और राजद को दो-दो, जदयू और जन सुराज पार्टी को एक-एक सीट मिली, जबकि दो निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की चारों सीटों पर नए उम्मीदवारों की जीत भी इस चुनाव की महत्वपूर्ण राजनीतिक विशेषता रही।
अब इन सभी सदस्यों के सामने अपने निर्वाचन क्षेत्रों के मतदाताओं की अपेक्षाओं पर खरा उतरने और शिक्षा, शिक्षक हित, रोजगार तथा बिहार के विकास से जुड़े मुद्दों को सदन में प्रभावी ढंग से उठाने की जिम्मेदारी होगी।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने शुभकामना संदेश के माध्यम से राजनीतिक दलों से ऊपर उठकर बिहार के विकास के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया है।
कंट्री इनसाइड समाचार एजेंसी, पटना।