रामेश्वर महाविद्यालय में संविधान दिवस एवं रोजगार मेले का आयोजन । 107 छात्र – छत्राओं ने पंजीकरण कराया जिसमें से एयरटेल और इंफोसिस जैसी प्रतिष्ठत कंपनियों में 85 का हुआ चयन
मुजफ्फरपुर । रामेश्वर महाविद्यालय, मुजफ्फरपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा संविधान दिवस एवं प्लेसमेंट सेल की ओर से रोजगार मेले का आयोजन किया गया । कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. श्यामल किशोर ने किया । इस अवसर पर मुख्य प्रशिक्षक विकास कुमार, प्लेसमेंट सेल के नोडल अधिकारी डॉ. धीरज कुमार, दर्शनशास्त्र विभाग के अध्यक्ष प्रो. रजनी रंजन, अर्थशास्त्र विभाग के अध्यक्ष डॉ. शारदा नन्द सहनी तथा एनएसएस की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. सुमित्रा कुमारी उपस्थित रहीं ।
प्राचार्य प्रो. श्यामल किशोर ने अपने उद्घाटन संबोधन में कहा कि संविधान दिवस हमें भारतीय लोकतंत्र की मूल भावना, संवैधानिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक होने का अवसर प्रदान करता है । हमारा संविधान देश की एकता, अखंडता, समानता, स्वतंत्रता और न्याय का आधार है । प्रत्येक नागरिक को संविधान में निहित आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए । विशेषकर युवाओं को संवैधानिक अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहना चाहिए । वहीं, रोजगार मेले के आयोजन पर उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में उच्च शिक्षा के साथ रोजगारपरक कौशल का होना भी बेहद आवश्यक है । महाविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और रोजगार के योग्य बनाना भी है । ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित कंपनियों से जुड़ने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देते हैं । उन्होंने इस पहल को विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया । तथा उन्होंने विद्यार्थियों को संचार कौशल, तकनीकी दक्षता, आत्मविश्वास और साक्षात्कार की तैयारी पर ध्यान देने की सलाह दी । प्राचार्य ने कहा कि सही कौशल और सकारात्मक दृष्टिकोण से रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त किए जा सकते हैं।
डॉ. शारदा नन्द सहनी ने संविधान दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार देता है । संविधान के प्रति सम्मान, उसके मूल्यों का पालन और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करना हम सभी की जिम्मेदारी है ।
रोजगार मेले के मुख्य प्रशिक्षक विकास कुमार ने रोजगार के बदलते स्वरूप और कौशल विकास की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की । रोजगार मेले में एनआईआईटी एवं इन्फोसिस फाउंडेशन के सहयोग से एयरटेल सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया । कंपनियों के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को रोजगार के अवसरों और चयन प्रक्रिया की जानकारी दी ।
प्रो. रजनी रंजन ने बताया कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को शिक्षा और रोजगार के बीच की दूरी कम करने तथा अपने करियर को नई दिशा देने में सहायक सिद्ध होते हैं ।
कार्यक्रम का संचालन प्लेसमेंट सेल के नोडल अधिकारी डॉ. धीरज कुमार तथा धन्यवाद ज्ञापन एनएसएस की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. सुमित्रा कुमारी ने किया ।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र – छात्राएं शामिल हुए ।
डॉ. संदीप कुमार सिंह-मीडिया प्रभारी – रामेश्वर महाविद्यालय, मुजफ्फरपुर।