दिल्ली –
जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में दिल्ली बीजेपी के सदस्यता अभियान कार्यक्रम में शिवराज सिंह चौहान, बीजेपी महासचिव रामलाल और मनोज तिवारी की मौजूदगी में सपना चौधरी बीजेपी में शामिल होंगी. बीजेपी अभी पूरे देश में सदस्यता अभियान चला रही है और लोगों को पार्टी से जोड़ रही है.
मशहूर हरियाणवी डांसर सपना चौधरी आज भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने जा रही है। आज दोहपर दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में भाजपा एक विशाल सदस्यता अभियान शुरू करने जा रही है। इस समारोह में सपना चौधरी को सबसे पहले भाजपा की सदस्यता दिलाई जाएगी। दिल्ली बीजेपी के सदस्यता अभियान के कार्यक्रम में शिवराज सिंह, बीजेपी महासचिव रामलाल और मनोज तिवारी की उपस्तिथि में सपना चौधरी बीजेपी में शामिल होंगी।
सपना चौधरी हाल में हुए लोकसभा चुनाव के दौरान दिल्ली में चुनाव प्रचार के आखिरी दिन उत्तर पूर्व दिल्ली से बीजेपी प्रत्याशी मनोज तिवारी के साथ सपना चौधरी दिखाई दी थीं। इसके बाद से भाजपा में उनकी एंट्री तय मानी जा रही थी। चुनाव प्रचार में सपना चौधरी ने मनोज तिवारी के लिए भोजपुरी गायक खेसारी लाल के साथ एक विशाल रोड शो किया था।
कांग्रेस से जुड़ने की उड़ी थी अफवाह
इस साल मार्च में अचानक अफवाह उड़ गई कि सपना चौधरी ने कांग्रेस जॉइन कर ली है। सपना चौधरी की कुछ तस्वीरें प्रियंका गांधी के साथ वायरल हुई थीं। इसके बाद सपना चौधरी के कांग्रेस में जाने की अटकलें तेज हो गई थीं। पूरे दिन समाचार चैनलों और वेबसाइट पर सपना के कांग्रेस से जुड़ने की खबरें प्रमुखता से चलती रहीं। हालांकि उन्होंने इससे इनकार कर दिया था। सपना चौधरी ने कहा था कि वे कलाकार हैं इसलिए चुनाव लड़ने की कोई मंशा नहीं है। प्रियंका गांधी के साथ फोटो पर सपना ने कहा, ‘मैं प्रियंका से मिली थी लेकिन वो तस्वीर पुरानी हैं।’ सपना चौधरी ने यह भी कहा था कि वे मनोज तिवारी के संपर्क में हैं।
10 अगस्त तक चलेगा अभियान
बता दें कि भारतीय जनता पार्टी फिलहाल पूरे देश में सदस्यता अभियान चला रही है और लोगों को पार्टी से जोड़ रही है। इसकी शुरुआत 6 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीजेपी के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर अपने संसदीय क्षेत्र काशी से की थी। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन के तहत वृक्षारोपण कर देश के लोगों से इस अभियान में जुड़ने का आह्वान किया था। बीजेपी का सदस्यता अभियान 10 अगस्त तक जारी रहेगा। बीजेपी का दावा है कि वर्तमान में उसके 11 करोड़ सदस्य हैं।
धीरेन्द्र बर्मा