10 लाख करोड़ का मार्केट कैप छूने वाली पहली भारतीय कंपनी बनी Reliance Industries
मुंबई,
मुंबई मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्री (Reliance Industries) ने गुरुवार को नई ऊंचाई को छुआ है। रिलायंस इंडस्ट्री के शेयर में आई तेजी की वजह से कंपनी का कुल बाजार मूल्य 10 ट्रिलियन रुपए यानि 10 लाख करोड़ रुपए को पार कर गया है। इस मुकाम को हासिल करने वाली रिलायंस इंडस्ट्री देश की पहली कंपनी बन गई है। देश में आजतक कोई भी कंपनी इस स्तर तक नहीं गई है। गुरुवार को 10 बजकर 25 मिनट पर बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर कंपनी का मार्केट कैप 10,00,604.55 करोड़ रुपये बना हुआ था। इस समय पर कंपनी का शेयर बीएसई पर 0.54 फीसद या 8.50 की तेजी के साथ 1578.25 पर ट्रेंड कर रहा था। इससे पहले पिछले महीने RIL के मार्केट कैप ने 9 लाख करोड़ का आंकड़ा छुआ था।ऑयल से लेकर टेलिकॉम तक में अपना प्रभुत्व जमा चुकी रिलायंस इंडस्ट्रीज ने पिछले हफ्ते ही 9.5 लाख करोड़ के मार्केट कैप को छुआ था। वहीं, कंपनी ने 18 अक्टूबर को 9 लाख करोड़ के मार्केट कैप को छुआ था। ऐसा करने वाली आरआईएल देश की पहली कंपनी है। इस तरह कंपनी ने करीब एक महीने में अपने मार्केट कैप में एक लाख करोड़ का इजाफा कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है।RIL के बाद बाजार में TCS (टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज) दूसरी कंपनी है, जिसका मार्केट-कैप सबसे ज्यादा है। टीसीएस का मार्केट कैप 7.81 लाख करोड़ रुपये है।
यहां आपको बता दें कि आरआईएल ही वह पहली भारतीय कंपनी है, जिसने सबसे पहले 8 लाख करोड़ के मार्केट कैप को छुआ था। कंपनी ने पिछले साल अगस्त में यह कामयाबी हासिल की थी।
संजय कुमार