विनय का फांसी से बचने का एक और हथकंडा फेल, पिन निगलने का दावा निकला झूठा
फांसी पर लटकाए जाने की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, निर्भया के दोषी जान बचाने के लिए नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं। इसी कड़ी में एक दोषी विनय ने शनिवार को पिन निगलने का दावा किया। हालांकि, जेल प्रशासन ने जब उसका एक्स-रे कराया तो उसमें यह दावा झूठ निकला। डेथ वारंट में तय तीन मार्च की तारीख आने में अब महज नौ दिन शेष रह गए हैं।इससे निर्भया के दोषियों की नींद उड़ने लगी है, जेल में सबसे ज्यादा परेशान विनय है। वह खुद को बीमारी से पीड़ित दिखाकर फांसी की तिथि को टालने की हर मुमकिन कोशिश करने में जुटा हुआ है। ताजा घटनाक्रम में उस समय जेल अधिकारियों के होश उड़ गए, जब उन्हें विनय ने बताया कि उसने एक पिन निगल लिया है। इसके कारण उसके मुंह से खून निकल रहा है। यह बात वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में जैसे ही आई। आनन-फानन में उसका एक्स-रे भी कराया गया, हालांकि उसका यह दावा जांच में झूठा साबित हुआ।