भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने रविवार को बिहार के लिए पार्टी उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा की है। यह बैठक भाजपा मुख्यालय दिल्ली मे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और प्रधानमंत्री की मौजूदगी मे हुई। अधिकांश नामों पर चर्चा का काम पूरा कर लिया गया है। लगभग 50 सीटों पर नाम भी तय कर लिए गए हैं। भाजपा व जद यू के बीच सीटों के बंटवारे की औपचारिक घोषणा के बाद भाजपा अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर देगी।
बिहार में लोजपा के राजग के साथ चुनावी गठबंधन से बाहर होने की स्थिति में भाजपा अब 100 से ज्यादा सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े करने जा रही है। मोटे तौर पर भाजपा व जद यू दोनों दलों के बीच सीटों का ज्यादा अंतर नहीं होगा। हालांकि, जदयू को भाजपा से ज्यादा सीटें मिलेगी। भाजपा इसके लिए तैयार भी हो गई है। कुछ सीटों पर दोनों दलों की दावेदारी को देखते हुए अभी सीटों के बंटवारे की घोषणा नहीं की गई है।
चुनाव समिति ने लगाई मुहर
इसके बाद भाजपा मुख्यालय में हुई केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री थावरचंद गहलोत, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, महासचिव बी एल संतोष, शाहनवाज हुसैन व बिहार के प्रमुख नेता मौजूद थे।
दो घंटे से ज्यादा चली इस बैठक में की शुरुआत में ही पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गठबंधन को लेकर स्थिति साफ कर दी। इसके बाद प्रदेश इकाई की तरफ से लाए गए नामों पर चर्चा शुरू की। सबसे पहले मौजूदा विधायकों और बड़े नेताओं की सीटों की चर्चा हुई। उसके बाद गठबंधन में नई बनी परिस्थितियों के अनुसार अन्य सीटों पर चर्चा हुई। लगभग 50 सीटों पर नाम तय कर लिए गए हैं।