लखनऊ, निखिल दुबे : इंदिरानगर के मानस विहार में किराए पर रहने वाले बेकरी कारोबारी राजेश बलेचा (39) ने पत्नी श्वेता (34) की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद को गोली से उड़ा दिया। गोली चलने की आवाज सुनकर परिवारीजन कमरे की तरफ भागे, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला। पुलिस के मुताबिक, शुरूआती पड़ताल में पारिवारिक कलह में हत्या व खुदकुशी की बात सामने आई है। पिस्तौल के लाइसेंसी न होने की बात भी सामने आई है। प्रभारी निरीक्षक इंदिरानगर डॉ. रामफल के मुताबिक, बेकरी कारोबारी चंद्रमल बलेचा के दो बेटे राजेश व तरुण हैं। राजेश की शादी श्वेता से करीब दस साल पहले हुई थी।
दोपहर करीब तीन बजे तरुण ने सूचना दी कि उनके भाई राजेश के कमरे से गोली चलने की आवाज आई है। दरवाजा अंदर से बंद है। प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक, दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़ा गया। फर्श पर श्वेता व राजेश का शव खून से लथपथ पड़ा था। शव देखने के बाद लगा कि राजेश ने पहले पत्नी श्वेता को गोली मारी। इसके बाद खुद को गोली से उड़ा दिया। श्वेता के सिर में पीछे से मारी गई गोली आरपार हो गई। वहीं राजेश के कनपटी पर गोली के निशान मिले हैं। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगा कि किसकी मौत पहले हुई है।