पटना, 13 अप्रैल। भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती के अवसर पर नेहरू युवा केन्द्र संगठन, पटना की ओर से पटना में जय भीम पदयात्रा का आयोजन किया गया। पटना में गांधी मैदान से हाई कोर्ट के समीप भीमराव अंबेडकर की प्रतिमास्थल तक पदयात्रा का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल और केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल, श्रम और रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने किया।
इस पदयात्रा में विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, पूर्व केंद्रीय मंत्री और पटना साहिब के सांसद रविशंकर प्रसाद समेत बिहार भाजपा के कई नेता शामिल रहे। इस यात्रा में विभिन्न समाज के बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया। यह पदयात्रा गांधी मैदान के गेट नंबर सात से हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ की गई। यह पदयात्रा जे पी गोलंबर, फ्रेजर रोड, एसपी वर्मा रोड, डाक बंगला चौराहा होते हुए पटना हाई कोर्ट पहुंची।
इसके बाद बाबासाहेब भीम राव अम्बेडकर की प्रतिमा परिसर की सफाई की गई। इसके बाद अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि संविधान निर्माता बाबा साहेब भीम राव अम्बेडकर की जयंती के मौके पर पदयात्रा निकाली गई, जिसमें केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया भी शामिल हुए। इस ऐतिहासिक पल का हजारों युवा साक्षी बने। हमलोगों ने इस मौके पर बाबा साहेब की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित किया और उनकी विचारधारा को धरातल तक ले जाने की प्रतिज्ञा की।
उन्होंने कहा कि इस मौके पर देशभर में जहां-जहां बाबासाहेब की प्रतिमा स्थापित है, वहां माल्यार्पण करके उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जा रही है और लोगों से उनके पदचिन्हों पर चलते हुए देश में वास्तविक अर्थों में लोकतंत्र की स्थापना का संदेश दिया जा रहा है।
भाजपा अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विकसित भारत बनाने के संकल्पों को लेकर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने भाजपा के कार्यकर्ताओं से बाबा साहेब के आदर्शों को लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस मौके पर बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि आज हम सभी बाबासाहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प ले रहे हैं। इसको लेकर राजधानी पटना में पदयात्रा निकाली गई। इस पदयात्रा में हजारों युवाओं ने बाबासाहेब के समानता, न्याय और बंधुत्व के दृष्टिकोण के प्रति सामूहिक श्रद्धांजलि देने के लिए एकजुट हुए हैं। आज यही युवा प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करेगा।
उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मजबूत और विकसित भारत बनाने का सपना संकल्प के साथ पूरा होगा। ये युवा नेक इरादे के साथ आगे बढ़ेंगे। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसने कई बार संविधान को अपमानित करने का काम किया। ये परिवारवाद की राजनीति करने वाले न देश के हित में हैं न समाज के हित में।