पटना, 19 अप्रैल 2025 | रिपोर्ट – [कौशलेन्द्र पाण्डेय]मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज 1, अण्णे मार्ग स्थित अपने आवास ‘संकल्प’ में हज-2025 की तैयारियों को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि हज यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हें हर सुविधा पूरी तरह व्यवस्थित ढंग से उपलब्ध कराई जाए।
बैठक में पेश की गई विस्तृत रिपोर्ट
अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के सचिव मो. सोहैल ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जिलावार हज यात्रियों की संख्या, इंबारकेशन प्वाइंट्स और यात्रियों को दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बिहार सरकार द्वारा हज यात्रियों को रहने, खाने, पासपोर्ट सत्यापन, टीकाकरण और विदेशी मुद्रा विनिमय जैसी सभी आवश्यक सेवाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
देश के 10 एयरपोर्ट्स से होंगे रवाना
इस वर्ष बिहार से कुल 2403 हज यात्री, जिनमें 1391 पुरुष और 1012 महिलाएं शामिल हैं, देश के 10 विभिन्न इंबारकेशन प्वाइंट्स से मक्का के लिए रवाना होंगे। इन यात्रियों की सुविधा और देखरेख के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में विशेष टीमें प्रतिनियुक्त की गई हैं।
‘यात्रियों को न हो कोई कष्ट’ – मुख्यमंत्री नीतीश कुमार
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा, “राज्य सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि हज यात्रा पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो। इसके लिए यात्रा से पूर्व ठहरने, खाने-पीने और परिवहन जैसी सभी जरूरी व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त की जा रही हैं।”
किशनगंज सहित अन्य जिलों में होंगे विशेष प्रबंध
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि किशनगंज में हज भवन की तर्ज पर बहुउद्देशीय भवन का निर्माण किया गया है। साथ ही सीतामढ़ी, दरभंगा सहित अन्य जिलों में भी ठहरने, टीकाकरण, पासपोर्ट सत्यापन व अन्य व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने का निर्देश दिया गया है।
1 मई को होगी दुआईया मजलिस
हर वर्ष की तरह इस बार भी हज यात्रा से पूर्व 1 मई को हज भवन, पटना स्थित मौलाना मजहरूल हक ऑडिटोरियम में दुआईया मजलिस का आयोजन किया जाएगा। समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हज भवन जाकर तैयारियों का भी जायजा लिया।
बैठक में शामिल रहे कई गणमान्य
इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री व संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमां खान, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा, विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार एवं विभागीय सचिव मो. सोहैल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।





























