Kaushlendra Pandey -पटना। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर बड़ा हमला बोलते हुए उन्हें बिहार के विकास पर खुली बहस की चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि अगर तेजस्वी में हिम्मत है, तो वह सामने आकर डिबेट करें और प्रदेश के विकास पर बातचीत करें।
दिलीप जायसवाल ने कहा, “हमने उनको चुनौती दिया है, अगर हिम्मत है तो बिहार के विकास पर डिबेट करें। सरकार प्रदेश के विकास के लिए चुनी जाती है और नेता प्रतिपक्ष का कर्तव्य है कि वह रचनात्मक बहस करें, न कि सिर्फ आरोप लगाते रहें।”
उन्होंने तेजस्वी यादव के पिता लालू प्रसाद यादव पर भी निशाना साधा और कहा, “तेजस्वी यादव के पिता लालू यादव चारा इतना खा गए कि बिहार कर्ज में डूब गया। अगर लालू जी सारा पैसा लौटा दें तो बिहार को कोई दिक्कत नहीं होगी।”
जायसवाल ने कटाक्ष करते हुए कहा, “बचपन में हम लोग जब पुराने जमाने का रिकॉर्ड सुनते थे तो वह फंस जाता था। आज तेजस्वी यादव का भी रिकॉर्ड फंस चुका है। उनके पास कोई नया मुद्दा नहीं है।”
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र के साथ पूरे बिहार में भाजपा पसमांदा मुसलमानों के लिए कार्यक्रम चला रही है। उन्होंने कहा कि सभी को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना भाजपा का लक्ष्य है।
वक्फ संपत्ति को लेकर भी दिलीप जायसवाल ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि वक्फ बोर्ड की संपत्ति अल्लाह की संपत्ति होती है और उसका दुरुपयोग कुछ लोग कर रहे हैं, जिस पर ध्यान देने की जरूरत है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने साफ कहा कि बिहार के विकास को लेकर भाजपा पूरी तरह प्रतिबद्ध है और विपक्षी नेता केवल भ्रम फैलाने और आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने दोहराया कि तेजस्वी यादव अगर चाहें तो किसी भी मंच पर विकास पर डिबेट के लिए तैयार हैं।



























