Kaushlendra Pandey/नई दिल्ली। कैथोलिक समुदाय के सर्वोच्च धर्मगुरु पोप फ्रांसिस के निधन की खबर से पूरी दुनिया में शोक की लहर है। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित देश-विदेश के नेताओं, धार्मिक संस्थाओं और करोड़ों श्रद्धालुओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने पोप फ्रांसिस को श्रद्धांजलि देते हुए कहा, “पोप फ्रांसिस के निधन से अत्यंत पीड़ा हुई है। शोक और स्मरण के इस क्षण में वैश्विक कैथोलिक समुदाय के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। पोप फ्रांसिस को दुनिया भर में करुणा, विनम्रता और आध्यात्मिक साहस के प्रतीक के रूप में हमेशा याद किया जाएगा।”
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में यह भी कहा कि वे पोप फ्रांसिस से अपनी मुलाकात को सहेज कर रखते हैं और उनके समावेशी विकास के विचारों से अत्यंत प्रेरित हैं।
“उनका भारत के प्रति प्रेम और स्नेह हमेशा याद रहेगा। उन्होंने गरीबों, पीड़ितों और वंचितों की सेवा में जीवन समर्पित किया। प्रभु उनकी आत्मा को अपने श्रीचरणों में शांति प्रदान करें,” प्रधानमंत्री मोदी ने कहा।




























