गया -नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए वीभत्स नरसंहार को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं एक प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान के प्रधानाचार्य डॉ. जितेंद्र कुमार यादव ऊर्फ बच्चू यादव ने बड़ा और चौंकाने वाला दावा किया है। उन्होंने कहा है कि इस हमले को आतंकवादियों ने नहीं, बल्कि पाकिस्तान सेना के वर्दीधारी जवानों ने अंजाम दिया है।
डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से अपील करते हुए कहा, “अब समय आ गया है कि पाकिस्तान को उसकी औकात दिखाई जाए। यह हमला सिर्फ आतंकी वारदात नहीं, बल्कि एक संगठित सैन्य कार्रवाई है, जिसे पाकिस्तान की सेना ने अंजाम दिया है। ऐसे में केवल बयानबाजी से काम नहीं चलेगा। हमें निर्णायक और कठोर कार्रवाई करनी होगी।”
उन्होंने इस घटना को भारत की संप्रभुता और सुरक्षा पर सीधा हमला करार देते हुए कहा कि यदि भारत अब भी चुप रहा तो पाकिस्तान की दुस्साहसिक हरकतें और बढ़ेंगी। डॉ. यादव ने जोर देते हुए कहा कि भारत को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर यह साक्ष्य प्रस्तुत करना चाहिए कि पाकिस्तान न सिर्फ आतंकवाद फैला रहा है, बल्कि उसकी सेना खुद भारत में नरसंहार को अंजाम दे रही है।
“यह हमला सिर्फ मासूम नागरिकों पर नहीं, बल्कि भारत की अखंडता और अस्मिता पर है। अब वक्त आ गया है कि भारत एक निर्णायक युद्ध नीति बनाए और पाकिस्तान को उसी की भाषा में जवाब दे।” – डॉ. जितेंद्र कुमार यादव, प्रधानाचार्य सह भाजपा नेता
उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की कि इस पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच हो और दोषियों को चिन्हित कर सीमापार कार्रवाई में भी संकोच न किया जाए।
यह बयान ऐसे समय में सामने आया है जब पूरे देश में पहलगाम की इस त्रासदी को लेकर आक्रोश और शोक का माहौल है। अब जनता भी चाहती है कि पाकिस्तान को उसके इस दुस्साहस का माकूल जवाब दिया जाए।




























