पटना, kaushlendra Pandey:मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस (मई दिवस) के अवसर पर प्रदेश एवं देश के समस्त श्रमिक भाई-बहनों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि श्रमिक वर्ग हमारे समाज का मजबूत आधार है, जो अपने परिश्रम, निष्ठा और समर्पण से राज्य और देश की प्रगति को गति देते हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा, “श्रम एवं श्रमिकों का सम्मान हमारी सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा है। एक मजबूत राष्ट्र की नींव तभी रखी जा सकती है जब श्रमिकों को सम्मान, अधिकार और सुरक्षित कार्यस्थल मिले। सरकार श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए लगातार प्रयासरत है।”
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार ने श्रमिकों के कल्याण के लिए कई योजनाएं चलाई हैं — जैसे निर्माण श्रमिक पंजीकरण, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, स्वास्थ्य बीमा, और उनके बच्चों की शिक्षा के लिए सहायता कार्यक्रम।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे “अपने-अपने क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों का आदर करें और यह संकल्प लें कि हम सब मिलकर अपने श्रम, निष्ठा और ईमानदारी से बिहार को विकास की नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएंगे। श्रमिकों के योगदान को याद करते हुए हम सभी को उनके अधिकारों और गरिमा की रक्षा के लिए सजग रहना होगा.



























