नई दिल्ली, कौशलेन्द्र पाण्डेय।केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आतंकवाद को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि पहलगाम में 27 निर्दोष लोगों की हत्या कर आतंकवादी अगर इसे अपनी जीत समझ रहे हैं, तो यह उनकी भारी गलतफहमी है।
अमित शाह ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “भारत आतंक के हर हमले का मुंहतोड़ जवाब देगा। जो भी मासूमों की जान लेकर अपनी बहादुरी का ढोंग रचते हैं, उन्हें चुन-चुन कर हिसाब दिया जाएगा। हमारा एजेंडा स्पष्ट है – आतंकवाद के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस।”
गृह मंत्री का यह बयान ऐसे समय पर आया है जब घाटी में हाल के दिनों में आतंकी घटनाएं बढ़ी हैं और आम नागरिकों को निशाना बनाया जा रहा है। शाह ने सुरक्षा बलों को निर्देश दिया है कि आतंकियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द नेस्तनाबूद किया जाए।
उन्होंने पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा, “आतंकवाद को पनाह देने वालों को अब जवाब देने के लिए तैयार रहना चाहिए। भारत अब चुप नहीं बैठेगा, अब की बार हर हमला उनकी आखिरी गलती साबित होगा।”
यह बयान न केवल देशवासियों में भरोसा जगाता है, बल्कि यह संदेश भी देता है कि भारत की सरकार और सुरक्षा बल आतंक के खिलाफ हर मोर्चे पर मुस्तैद हैं।





























