रिपोर्ट: कौशलेन्द्र पाण्डेय/पटना, 02 मई 2025: शिक्षा विभाग के सभागार में आज अग्नि आपदा से निपटने हेतु एक विशेष अग्निशमन प्रशिक्षण एवं मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य विभागीय कर्मियों को आग लगने की स्थिति में आवश्यक सावधानियों, सुरक्षा उपायों और त्वरित प्रतिक्रिया के तरीकों से अवगत कराना था।
प्रशिक्षण सत्र में कर्मचारियों को फायर एक्सटिंग्विशर के सही उपयोग, फिक्स्ड फायर सिस्टम के संचालन, फायर इवैक्यूएशन प्लान की रूपरेखा, संकेतों के महत्व, और आपात स्थिति में अग्निशमन विभाग को तत्काल सूचना देने की विधियों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
इसके अतिरिक्त, विभिन्न श्रेणियों की आग (A, B, C, D) को बुझाने के लिए मल्टी-पर्पस क्लीनिंग एजेंट के उपयोग का व्यवहारिक प्रदर्शन भी किया गया। प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को अग्नि सुरक्षा के विभिन्न तकनीकी पहलुओं से भी अवगत कराया गया।
इस अवसर पर शिक्षा विभाग के निदेशक (प्रशासन) श्री सुबोध कुमार चौधरी, उप निदेशक (प्रशासन) श्री जावेद अहसन अंसारी, विशेष कार्य पदाधिकारी सुश्री विनीता, तथा विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारीगण उपस्थित थे।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने इस प्रकार के प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए नियमित अंतराल पर आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम का समापन अग्निशमन टीम को धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।

























