रिपोर्ट: कौशलेन्द्र पाण्डेय/स्थान: पटना | दिनांक: 02 मई 2025/दिल्ली से भाजपा सांसद और भोजपुरी फिल्मों के लोकप्रिय अभिनेता मनोज तिवारी ने पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान कई महत्वपूर्ण राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर बयान दिए। उन्होंने एनडीए में चिराग पासवान की भूमिका, जातिगत गणना पर केंद्र सरकार की नीति, पवन सिंह के सियासी भविष्य और विपक्ष के दावों पर स्पष्ट और तीखी प्रतिक्रिया दी।
चिराग पासवान पर तिवारी की टिप्पणी:
“चिराग पासवान हमारे गठबंधन के प्रमुख नेता हैं। उनका जो भी निर्णय होगा, उस पर हम बाद में विचार करेंगे।” उन्होंने चिराग के चुनाव लड़ने और मुख्यमंत्री पद के दावों पर यह बात कही।
जातिगत गणना को लेकर विपक्ष पर हमला:
तिवारी ने कहा, “तेजस्वी यादव और राहुल गांधी सत्ता में थे तब जातिगत गणना क्यों नहीं कराई? नरेंद्र मोदी जी जनता की भावना का सम्मान करते हैं, और उसी के तहत केंद्र सरकार ने सर्वे का आदेश दिया है।”
पवन सिंह को लेकर दिया संकेत:
भाजपा में पवन सिंह के शामिल होने और चुनाव लड़ने की अटकलों पर तिवारी ने कहा, “थोड़ा इंतजार कीजिए, समय आने पर सब पता चल जाएगा।”
नीतीश कुमार को साइडलाइन करने की बात पर दो टूक जवाब:
राजद द्वारा दिए गए बयान पर पलटवार करते हुए मनोज तिवारी ने साफ कहा, “किसी की हैसियत नहीं है कि नीतीश कुमार को साइडलाइन कर सके।”
महागठबंधन की बैठकों पर कटाक्ष:
महागठबंधन की हालिया गतिविधियों पर तंज कसते हुए तिवारी बोले, “ठीक है बैठक करते रहिए, लेकिन उनकी नीयत बिहार को सजाने और संवारने की नहीं है। अगर किसी का लक्ष्य बिहार का विकास है, तो वह एनडीए गठबंधन है। आज बिहार सज भी रहा है और संवर भी रहा है।”
लालू यादव के स्वास्थ्य पर चिंता:
उन्होंने कहा, “हम भगवती से प्रार्थना करते हैं कि लालू प्रसाद यादव जी स्वस्थ होकर जल्द लौटें।”




























