रिपोर्ट: कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी
पटना। आगामी “अति पिछड़ा जगाओ, तेजस्वी सरकार बनाओ” रैली से पहले राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद ने एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने भाजपा और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार पर अति पिछड़ा समाज के साथ गंभीर अन्याय करने का आरोप लगाया।
एजाज अहमद ने कहा कि, “आरक्षण व्यवस्था की चोरी करने वाली भाजपा और नीतीश सरकार ने अति पिछड़ा समाज के हक और अधिकार को रोका है। अगर केंद्र सरकार 65% आरक्षण व्यवस्था को नवमीं अनुसूची में शामिल कर देती, तो आज अति पिछड़ों को 25% आरक्षण का लाभ मिल रहा होता।”
उन्होंने बताया कि राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव हमेशा से अति पिछड़ा समाज को न केवल आरक्षण में, बल्कि विधानसभा, विधान परिषद, लोकसभा और राज्यसभा जैसे राजनीतिक मंचों पर सम्मान और हक दिलाने के पक्षधर रहे हैं।
इन्हीं मांगों को लेकर आगामी रैली का आयोजन किया गया है, जिसमें नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद साहनी करेंगे।
रैली के माध्यम से राजद यह संदेश देना चाहती है कि वह अति पिछड़ा समाज के हक की लड़ाई जारी रखेगी और सामाजिक न्याय की आवाज बुलंद करती रहेगी।


























