सौरभ निगम /लखनऊ, शुक्रवार।जातीय जनगणना के केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत किए जाने के बाद अपना दल (एस) ने शुक्रवार को लखनऊ के गांधी भवन सभागार में आयोजित मासिक समीक्षा बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताते हुए धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया। बैठक में केंद्रीय मंत्री एवं पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार के इस निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि यह सामाजिक न्याय की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।
पार्टी के राष्ट्रीय सलाहकार राजेंद्र पाल द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद प्रस्ताव को कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने खड़े होकर तालियों की गड़गड़ाहट से समर्थन दिया। अनुप्रिया पटेल ने इस मौके पर कहा कि यह निर्णय दबे-कुचले वर्गों की वास्तविक स्थिति को उजागर करेगा और नीति निर्धारण को अधिक प्रभावशाली बनाएगा।
विपक्ष पर साधा निशाना, श्रेय लेने की होड़ का किया जिक्र
अनुप्रिया पटेल ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन्होंने इंडी गठबंधन बनाया था, वे पहले कई बार सत्ता में रह चुके हैं लेकिन कभी जातीय जनगणना नहीं कराई। अब जब मोदी सरकार ने यह फैसला लिया है, तो उनमें श्रेय लेने की होड़ लग गई है।
ओबीसी मंत्रालय की स्थापना की फिर दोहराई मांग
अनुप्रिया पटेल ने कहा कि “हमारी पार्टी लंबे समय से ओबीसी मंत्रालय की स्थापना की मांग कर रही है। यह लड़ाई तब तक अधूरी है जब तक यह मंत्रालय स्थापित नहीं होता। हमें पूरा विश्वास है कि एक दिन यह भी संभव होगा।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती के लिए जुट जाने का आह्वान किया।
आशीष पटेल ने मंच प्रभारियों की की घोषणा
बैठक के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने विभिन्न मंचों के प्रभारियों की घोषणा की। व्यापार मंच की जिम्मेदारी उन्होंने स्वयं संभाली, जबकि पूर्व सांसद नागेंद्र प्रताप पटेल को सह-प्रभारी बनाया गया। युवा मंच, महिला मंच, अनुसूचित जाति मंच, किसान मंच, आईटी सेल, अल्पसंख्यक मंच समेत कई मंचों के लिए जिम्मेदार पदाधिकारियों की घोषणा की गई।
मंच पर मौजूद रहे वरिष्ठ पदाधिकारी
कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार पाल, राष्ट्रीय महासचिव आरबी सिंह, विधायक डॉ. सुरभि, सरोज कुरील, जय कुमार सिंह जैकी, जीतलाल पटेल, आरके पटेल समेत कई वरिष्ठ नेता, विधायक, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।





























