कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी, पटना।पटना चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (पी०एम०सी०एच०) के पुनर्विकास कार्यों के तहत पहले चरण में निर्मित 1117 बेड वाले अत्याधुनिक नए भवन का भव्य उद्घाटन किया गया। यह भवन आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस है और राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में अहम भूमिका निभाएगा।
पी०एम०सी०एच० को नए स्वरूप में विकसित कर मरीजों को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में यह एक बड़ा कदम माना जा रहा है। अस्पताल में अब हाईटेक ऑपरेशन थिएटर, इमरजेंसी सेवाएं, उन्नत लैब व डायलिसिस यूनिट जैसी अत्याधुनिक व्यवस्थाएं की गई हैं।
पूरी पुनर्विकास योजना के पूर्ण होते ही पीएमसीएच 5462 बेड के साथ न केवल देश का, बल्कि विश्व का सबसे बड़ा और श्रेष्ठ चिकित्सा संस्थान बनकर उभरेगा। इसके साथ ही अस्पताल के शताब्दी वर्ष को स्मरणीय बनाने हेतु 22 फीट ऊंची एक प्रतीकात्मक मूर्ति का भी अनावरण किया गया।
सरकार का यह प्रयास बिहार को चिकित्सा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।




























