Kaushlendra Pandey/पटना। बिहार के कंकड़बाग स्थित पाटलिपुत्र खेल परिसर में आज खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 के शुभारंभ समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समारोह में भाग लिया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के वीडियो संदेश के माध्यम से हुई, जिसमें उन्होंने खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 के शुभारंभ की घोषणा की। आयोजन समिति द्वारा इस अवसर पर एक आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति भी दी गई।
इस वर्ष केंद्र सरकार द्वारा इस प्रतिष्ठित आयोजन की जिम्मेदारी बिहार को सौंपी गई है, जिसे मुख्यमंत्री ने राज्य के लिए गर्व की बात बताया। उन्होंने देशभर से आए युवा खिलाड़ियों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि यह आयोजन बिहार की खेल संस्कृति को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।
खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 का आयोजन पटना, गया, नालंदा (राजगीर), भागलपुर और बेगूसराय सहित राज्य के पाँच जिलों में किया जा रहा है। यह आयोजन न केवल युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देगा, बल्कि राज्य में खेलों की आधारभूत संरचना को भी सुदृढ़ करेगा।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विश्वास जताया कि इस आयोजन से बिहार में खेलों को लेकर एक नई जागरूकता आएगी और राज्य के खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे।





























