तेजस्वी यादव का बड़ा बयान: “आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है 140 करोड़ भारतीय, सेना को दिया धन्यवाद
रिपोर्ट – कौशलेन्द्र पाण्डेय/नई दिल्ली/पटना: देश में जब भी आतंकवाद और अलगाववाद सिर उठाने की कोशिश करता है, तब भारतवासी एकजुट होकर उसे कुचलने के लिए खड़े हो जाते हैं। आज सुबह बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने बड़ा बयान देते हुए देशवासियों और भारतीय सेना के अदम्य साहस को सलाम किया। उन्होंने कहा – “भारत, भारतीयों और भारतीय सेना ने कभी भी अपने देश में किसी भी प्रकार के आतंकवाद और अलगाववाद को बर्दाश्त नहीं किया है और ना ही कभी करेंगे।”
तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि भारतीय सेना ने हर बार माताओं की कोख, बहनों की कलाई और उनके माथे के सिंदूर की रक्षा की है। उनका कहना था कि भारतवासी सत्य, अहिंसा और शांति को मानने वाले हैं, लेकिन जब कोई हमारी एकता और संप्रभुता पर चोट करता है, तो फिर हम चुप नहीं बैठते।
“हम भारतीय कभी गलत नहीं करते, लेकिन अगर कोई हमारे साथ गलत करता है तो फिर हम सहते नहीं। आतंकवाद को पोसने वाले यदि हमारी अखंडता पर प्रहार करेंगे, तो हम मुँह तोड़ जवाब देना जानते हैं।”
तेजस्वी ने यह भी कहा कि आतंकवाद के विरुद्ध इस निर्णायक लड़ाई में पूरा भारत – 140 करोड़ नागरिक – भारतीय सेना और केंद्र सरकार के साथ खड़ा है। यह एकजुटता ही है जो दुश्मनों को भीतर तक झकझोर देती है।
तेजस्वी यादव के इस बयान को सोशल मीडिया पर भी जबरदस्त समर्थन मिल रहा है, जहां #IndianArmy, #India और #OperationSindoor ट्रेंड कर रहा है।
हिंदुस्तान ज़िंदाबाद! भारतीय सेना ज़िंदाबाद! जय हिंद!