Kaushlendra Pandey /पटना। मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार की दूरदर्शी सोच और सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप बिहार आज कृषि क्षेत्र में लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। इसी कड़ी में आज मुख्यमंत्री ने एक साथ 35 अनुमंडल कृषि कार्यालय भवनों का शिलान्यास एवं भोजपुर के आरा में प्रस्तावित कृषि अभियंत्रण महाविद्यालय के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर कृषि भवन, मीठापुर में आयोजित समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने 315 प्रखंड उद्यान पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए। साथ ही उन्होंने ‘बिहार कृषि’ मोबाइल ऐप का शुभारंभ किया, जिससे किसानों को कृषि से संबंधित योजनाओं एवं तकनीकी जानकारी आसानी से मोबाइल पर प्राप्त हो सकेगी।
मुख्यमंत्री ने खरीफ महाभियान 2025 का विधिवत शुभारंभ किया और किसानों को जागरूक करने के उद्देश्य से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम में उप-मुख्यमंत्री एवं कृषि मंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण कार्य मंत्री श्री जयंती राज कुशवाहा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक श्री अमरेन्द्र प्रताप सिंह समेत कई अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि “कृषि बिहार की रीढ़ है। हम लगातार प्रयास कर रहे हैं कि किसानों को हर संभव सुविधा मिले और वे आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर अपनी उपज को बढ़ा सकें।”
यह कदम न केवल बिहार को कृषि के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाएंगे, बल्कि किसानों के जीवन स्तर को भी ऊंचा उठाएंगे।




























