Kaushlendra Pandey/भारत सरकार ने प्रवासी भारतीयों के लिए एक और बड़ी सुविधा की शुरुआत की है। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज नई दिल्ली में नया ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया (OCI) पोर्टल लॉन्च किया। यह पोर्टल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रवासी भारतीयों को विश्वस्तरीय इमीग्रेशन सुविधा प्रदान करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
अमित शाह ने कहा कि नया पोर्टल एक अप-टू-डेट यूजर इंटरफेस के साथ पेश किया गया है, जिससे ओसीआई कार्डधारकों के पंजीकरण की प्रक्रिया बेहद सहज और सरल हो जाएगी। उन्होंने कहा कि विश्व के कई देशों में भारतीय मूल के नागरिक रहते हैं और सरकार की यह जिम्मेदारी है कि उन्हें भारत आने और यहां प्रवास के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
यह पोर्टल ओसीआई कार्डधारकों के लिए एक पारदर्शी और आधुनिक प्लेटफॉर्म प्रदान करेगा जिससे वे भारत से जुड़े रह सकेंगे और सभी जरूरी सेवाओं का लाभ आसानी से ले सकेंगे।
(रिपोर्ट: कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी, नई दिल्ली)




























