Kaushlendra Pandey/प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया करणी माता मंदिर में दर्शन, देश और प्रदेश की खुशहाली की कामना की.PM श्री नरेंद्र मोदी ने आज राजस्थान के बीकानेर जिले के देशनोक स्थित प्रसिद्ध करणी माता मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। यह मंदिर अपनी विशेष परंपराओं और ‘चूहों वाले मंदिर’ के रूप में विश्वविख्यात है।
प्रधानमंत्री मोदी के साथ राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं राज्यपाल हरिभाऊ बागडे भी उपस्थित रहे। प्रधानमंत्री ने मंदिर परिसर में पूजा करने के पश्चात भक्तों से मुलाकात की और देशवासियों के लिए मंगलकामना की।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने देशनोक रेलवे स्टेशन से बीकानेर-मुंबई एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और स्टेशन पर बच्चों से मिलकर संवाद भी किया।
करणी माता मंदिर दर्शन के बाद प्रधानमंत्री बीकानेर जिले के पलाना पहुंचे, जहां उन्होंने एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। अपने भाषण में प्रधानमंत्री ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए कहा, “जब सिंदूर बारूद बन जाता है, तो परिणाम क्या होता है, ये दुनिया ने देखा है। भारत अब आतंक के खिलाफ कोई समझौता नहीं करता।”
अपने इस दौरे में प्रधानमंत्री ने 26,000 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया, जिसमें 103 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास, नई रेल लाइनों का विद्युतीकरण और जल-परिवहन परियोजनाएं शामिल हैं।
प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा धार्मिक आस्था, राष्ट्रभक्ति और विकास की त्रिवेणी के रूप में याद रखी जाएगी।
रिपोर्ट: कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी
स्थान: देशनोक (बीकानेर), राजस्थान




























