CIN/फ्रांस के रिवेरा तट पर चल रहे कान्स फिल्म फेस्टिवल 2025 में बॉलीवुड की खूबसूरत अदाकारा ऐश्वर्या राय बच्चन ने एक बार फिर से अपने स्टाइल और ग्रेस से दुनियाभर की नजरें अपनी ओर खींच लीं। ट्रेडिशनल बनारसी साड़ी, मांग में सिंदूर और शाही अंदाज़ में उन्होंने रेड कार्पेट पर एंट्री ली, जिससे पूरा माहौल भारतीय संस्कृति की गरिमा से भर गया।
कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी से बात करते हुए कुछ अंतरराष्ट्रीय फैशन क्रिटिक्स ने कहा, “ऐश्वर्या का यह लुक केवल फैशन नहीं, भारतीय विरासत की प्रस्तुति है। उन्होंने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि पारंपरिक लुक भी ग्लोबल मंच पर कैसे ट्रेंड बना सकता है।”
इस खास मौके पर उनके साथ उनकी बेटी आराध्या भी मौजूद थीं, जो खुद भी एक छोटे फैशन आइकन की तरह कैमरों का ध्यान खींचती नजर आईं। ऐश्वर्या का यह लुक मनीष मल्होत्रा द्वारा डिज़ाइन किया गया था, जिसमें सिल्वर और रोज़ गोल्ड ज़री की खूबसूरत कढ़ाई थी।
सोशल मीडिया पर लोगों ने ऐश्वर्या के इस रूप को “सिंदूर वाली शेरनी” का टैग दिया और कई ने इसे उनके परिवार और मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का माना।



























