केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में यमुना सफाई, पीने के पानी और सीवेज सिस्टम पर अहम बैठक
नई दिल्ली, 22 मई।केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में यमुना नदी की सफाई, स्वच्छ पेयजल उपलब्धता और सीवेज प्रणाली से जुड़ी समस्याओं को लेकर एक उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को समग्र दृष्टिकोण के साथ काम करने का निर्देश दिया और कहा कि यमुना केवल एक नदी नहीं, बल्कि हमारे आस्था का प्रतीक है, इसीलिए इसकी स्वच्छता मोदी सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है।
कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी को प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमित शाह ने जल शक्ति मंत्रालय को निर्देशित किया कि सभी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट्स (STPs) के लिए एक स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) तैयार किया जाए, जिसमें गुणवत्ता, रखरखाव और डिस्चार्ज मानकों को स्पष्ट रूप से परिभाषित किया जाए। यह SOP अन्य राज्यों के साथ भी साझा किया जाएगा ताकि पूरे देश में समान स्तर की कार्यप्रणाली सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में दिल्ली की जल और सीवेज व्यवस्था को लेकर मौजूदा चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा की गई। अमित शाह ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार दिल्ली में यमुना की सफाई को केवल एक परियोजना नहीं, बल्कि जन आंदोलन के रूप में देख रही है, जिसमें केंद्र, राज्य और स्थानीय निकायों को मिलकर जिम्मेदारी निभानी होगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे “नमामि गंगे मिशन” के तहत यमुना की सफाई को नई गति देने की योजना बनाई जा रही है, जिससे दिल्लीवासियों को स्वच्छ जल और बेहतर जीवनशैली मिल सके।
रिपोर्ट: कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी