रिपोर्ट – कौशलेन्द्र पाण्डेय/गुजरात, 26 मई 2025 — प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने दो दिवसीय गुजरात दौरे के दौरान राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाली कई बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं की कुल लागत करीब ₹82,000 करोड़ बताई जा रही है। दौरे के दौरान उन्होंने दाहोद, भुज, वडोदरा और गांधीनगर जैसे प्रमुख शहरों में जनसभाओं को संबोधित किया और ‘मेक इन इंडिया’ से लेकर ‘ग्रीन एनर्जी’ तक कई योजनाओं को नई गति दी।
दाहोद में इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव प्लांट का उद्घाटन
प्रधानमंत्री मोदी ने दाहोद में भारतीय रेलवे के लिए ₹24,000 करोड़ की लागत से बने इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव निर्माण संयंत्र का उद्घाटन किया। यह प्लांट 9000 हॉर्सपावर के अत्याधुनिक इंजन बनाएगा, जिससे रेलवे के बुनियादी ढांचे को नई ऊर्जा मिलेगी। प्रधानमंत्री ने पहले इंजन को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया।
भुज में ₹53,400 करोड़ की 31 परियोजनाएं
भुज में आयोजित भव्य समारोह में प्रधानमंत्री ने ₹53,400 करोड़ की लागत वाली 31 बड़ी परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इनमें कच्छ में बनने वाला विश्व का सबसे बड़ा सौर ऊर्जा संयंत्र भी शामिल है, जो भारत को हरित ऊर्जा में आत्मनिर्भर बनाएगा।
वडोदरा में रोड शो और जनसमर्थन
प्रधानमंत्री मोदी के रोड शो में हजारों लोगों ने हिस्सा लिया। कर्नल सोफिया कुरैशी के परिवार ने प्रधानमंत्री पर फूल बरसाकर उनका विशेष स्वागत किया। पूरा शहर ‘मोदी-मोदी’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंज उठा।
पाकिस्तान को सख्त चेतावनी
भुज की जनसभा में प्रधानमंत्री मोदी ने पाकिस्तान को सीधे शब्दों में चेतावनी दी। उन्होंने कहा, “भारत पर आंख उठाई तो बख्शेंगे नहीं। मेरी गोली भी तैयार है।” साथ ही उन्होंने बताया कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत भारत ने आतंकवादियों के अड्डों को मिटा दिया है।
प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा न सिर्फ गुजरात बल्कि पूरे देश के लिए विकास, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का मजबूत संदेश लेकर आया है।
— कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी



























