विकास कुमार सिंह | नई दिल्ली/विज्ञान मंत्रालयों के सचिवों के साथ केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक, देश में बनेगा अगली पीढ़ी का दो-सीटर इलेक्ट्रिक ट्रेनर विमान ‘ई-हंसा’
केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह ने सोमवार को सभी विज्ञान विभागों के सचिवों के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक के दौरान देश की वैज्ञानिक प्रगति और नवाचार परियोजनाओं की समीक्षा की गई, जिसमें एक प्रमुख घोषणा ‘ई-हंसा’ नामक अगली पीढ़ी के दो-सीटर इलेक्ट्रिक ट्रेनर एयरक्राफ्ट के विकास की प्रक्रिया शुरू करने को लेकर की गई।
डॉ. सिंह ने बताया कि ‘ई-हंसा’ पूरी तरह स्वदेशी रूप से विकसित किया जा रहा है और इसकी लागत आयातित ट्रेनर विमानों की तुलना में लगभग आधी होगी। यह न केवल देश की आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देगा, बल्कि उड्डयन प्रशिक्षण क्षेत्र में एक क्रांतिकारी बदलाव लाएगा।
उन्होंने कहा कि यह विमान पर्यावरण के अनुकूल होगा, कम ऊर्जा खपत करेगा और भारत को हरित प्रौद्योगिकी अपनाने की दिशा में तेजी से आगे ले जाएगा। यह कदम भारत की ‘मेक इन इंडिया’ और ‘ग्रीन इंडिया’ पहल के तहत एक मील का पत्थर साबित हो सकता है।
बैठक में अनुसंधान, नवाचार, विज्ञान संचार, और भारत को वैश्विक विज्ञान नेतृत्व में अग्रणी बनाने की दिशा में मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं पर भी चर्चा हुई।


























