रिपोर्ट – कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी/नई दिल्ली, 27 मई 2025: राष्ट्रपति भवन में आयोजित नागरिक अलंकरण समारोह-II में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाग लिया, जहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वर्ष 2025 के पद्म पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इस वर्ष कुल 139 विभूतियों को पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री से सम्मानित किया गया, जिनमें 13 मरणोपरांत सम्मान शामिल हैं। ये पुरस्कार समाज के विभिन्न क्षेत्रों – कला, साहित्य, विज्ञान, चिकित्सा, सामाजिक सेवा, सार्वजनिक जीवन और खेल – में असाधारण योगदान के लिए प्रदान किए गए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समारोह के पश्चात कहा, “जिन लोगों को पद्म सम्मान मिले हैं, उनके जीवन की यात्राएं अत्यंत प्रेरणादायक हैं। यह पुरस्कार केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि उस विचार और सेवा को सम्मानित करते हैं, जो भारत की आत्मा को उजागर करते हैं।”
प्रमुख पुरस्कार विजेता:
पद्म विभूषण: पूर्व CJI जे.एस. खेहर, नृत्यांगना कुमुदिनी लाखिया (मरणोपरांत), लोकगायिका डॉ. शारदा सिन्हा (मरणोपरांत)।
पद्म भूषण: साध्वी ऋतंभरा, अभिनेता व नेता नंदमुरी बालकृष्ण, वरिष्ठ पत्रकार ए. सूर्य प्रकाश।
पद्म श्री: ग्रैमी विजेता संगीतकार व पर्यावरणविद् रिकी केज, अभिनेता अशोक सराफ सहित कई अन्य।
उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और अन्य राज्यों के अनेक प्रतिनिधियों को इस वर्ष सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी।
पद्म पुरस्कार भारत सरकार द्वारा प्रत्येक वर्ष गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर घोषित किए जाते हैं और यह देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल हैं।



























