CM हेमंत सोरेन ने मैट्रिक परीक्षा में सफल विद्यार्थियों को दी बधाई, कहा- मेहनत और लगन से रचिए उज्ज्वल भविष्य
रांची। प्रिया सिन्हा।झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) की मैट्रिक परीक्षा 2025 में सफलता प्राप्त करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं और जोहार दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों की मेहनत और उनके अभिभावकों व शिक्षकों का योगदान इस सफलता के पीछे एक मजबूत आधार है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “जिन विद्यार्थियों को इस बार अपेक्षित परिणाम नहीं मिल सका, वे निराश न हों। कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास से आगे बढ़ें, अगली बार सफलता जरूर कदम चूमेगी। जीवन में हर असफलता अनुभव बनकर अगली जीत की राह बनाती है।”
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी शिक्षकों और अभिभावकों को भी बधाई दी और उनके योगदान को सराहा। उन्होंने कहा कि आज का दिन विद्यार्थियों की मेहनत, माता-पिता की तपस्या और शिक्षकों की मार्गदर्शना का उत्सव है।
मुख्यमंत्री सोरेन ने सभी छात्रों से आग्रह किया कि वे आने वाले समय में भी पूरी लगन और निष्ठा से अध्ययन करें और झारखंड का नाम रोशन करें।