मुंबई। कौशलेन्द्र पाण्डेय।केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने क्रांतिकारी स्वतंत्रता सेनानी स्वातंत्र्यवीर विनायक दामोदर सावरकर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका जीवन मातृभूमि के प्रति समर्पण की पराकाष्ठा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वीर सावरकर के जीवन से यह स्पष्ट होता है कि किसी के हृदय में राष्ट्र के प्रति प्रेम कितना गहरा हो सकता है।
गृह मंत्री अमित शाह ने अपने ट्वीट में लिखा, “वीर सावरकर जी एक विरले स्वतंत्रता सेनानी होने के साथ-साथ ओजस्वी लेखक भी थे। उन्होंने कई कालजयी रचनाएं लिखीं। उनके द्वारा रचित गीत ‘अनादी मी… अनंत मी…’ का हिंदी रूपांतरण सुनकर मन भाव-विह्वल हो गया।”
गृह मंत्री ने बताया कि कल मुंबई में वीर सावरकर के परिजनों को उनके इस ओजस्वी गीत के सम्मान में महाराष्ट्र के संस्कृति विभाग द्वारा ‘छत्रपति संभाजी महाराज राज्य प्रेरणा गीत पुरस्कार 2025’ प्रदान किया गया। इस अवसर पर उन्होंने गीत के हिंदी रूपांतरण को एक ऐतिहासिक कदम बताया, जिससे यह अमर रचना अब करोड़ों लोगों तक पहुँचेगी।
इस प्रेरणादायक गीत को स्वर देने वाले गायक जयदीप वैद्य को अमित शाह ने हृदय से बधाई दी और उनके प्रयासों की सराहना की।
गृह मंत्री ने अपने संदेश में यह भी कहा कि वीर सावरकर के विचार और संघर्षगाथा आने वाली पीढ़ियों को मातृभूमि के प्रति समर्पण और त्याग की भावना से प्रेरित करती रहेंगी।




























