Kaushlendra Pandey/पटना, 31 मई 2025/ना#लंदा मेडिकल कॉलेज परिसर में 264 करोड़ की लागत से बने राजकीय तिब्बी चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल का हुआ कार्यारंभ, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया उद्घाटन.राजधानी पटना के नालंदा चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल परिसर में आज 264 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले राजकीय तिब्बी चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल का कार्यारंभ किया गया। इस महत्वपूर्ण परियोजना का उद्घाटन मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने किया। उनके साथ उपमुख्यमंत्री श्री विजय कुमार सिंह एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री मंगल पांडे भी मौजूद रहे।
कार्यारंभ के अवसर पर मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि राजकीय तिब्बी चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल का निर्माण कार्य तेज़ गति से और उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराया जाए।
इस परियोजना के तहत एक 200 बेड का आधुनिक अस्पताल, 500 क्षमता वाला सभागार, 400 छात्रों के लिए बालक छात्रावास एवं 350 छात्राओं की क्षमता वाला बालिका छात्रावास, औषधि निर्माण गृह, तथा महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं अन्य कर्मियों के लिए आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर नागरिक को सुलभ, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह संस्थान आयुष चिकित्सा पद्धति के क्षेत्र में एक नया मील का पत्थर साबित होगा और आमजन को लाभ पहुंचाएगा।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, चिकित्सकगण एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। यह परियोजना न केवल राज्य के स्वास्थ्य ढांचे को मज़बूती देगी, बल्कि पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को भी नया आयाम प्रदान करेगी।



























